nayaindia Andaman and Nicobar अंडमान निकोबार के द्वीपों को मिले नए नाम

अंडमान निकोबार के द्वीपों को मिले नए नाम

नई दिल्ली। अंडमान निकोबार के द्वीपों को नया नाम दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुए कार्यक्रम में इन द्वीपों को परमवीर चक्र पाने वाले भारतीय सैनिकों के नाम दिए। साथ ही उन्होंने सोमवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर अंडमान निकोबार द्वीप समूह में उन्हें समर्पित स्मारक मॉडल का उद्घाटन किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश नेता जी को पल-पल याद कर रहा है।

बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी ने अंडमान निकोबार में 21 द्वीपों का नाम  21 परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर रखा। इन वीरों में विक्रम बत्रा, अब्दुल हमीद जैसे नाम शामिल हैं। अंडमान द्वीपों के नामकरण पर प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले इन द्वीपों पर गुलामी की छाप थी। उन्होंने कहा- आज परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर द्वीपों का नाम रखे जाने से, ये आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा के स्थल बनेंगे।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा- नेताजी से जुड़े गोपनीय दस्तावेजों को सार्वजनिक किए जाने की मांग की जा रही थी, हमने यह किया। अंडमान निकोबार द्वीप समूह में नेताजी का स्मारक लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना का संचार करेगा। लोग अब हमारे इतिहास के बारे में जानने के लिए अंडमान जा रहे हैं। दिल्ली और बंगाल से लेकर अंडमान निकोबार द्वीप समूह तक पूरा देश नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है, उनसे जुड़ी विरासत को सहेज रहा है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें