राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

यात्रा में कांग्रेस सांसद का निधन

जालंधर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार को एक दुखद हादसा हो गया। जालंधर में सुबह की यात्रा के दौरान कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन हो गया। यात्रा के दौरान उनको दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनका निधन हो गया। उनकी मौत के बाद उनके बेटे ने अस्पताल के ऊपर आरोप लगाया है और यह भी कहा है कि अगर गोल्डेन ऑवर में सीपीआई दी जाती तो उनकी जान बच सकती है। बहरहाल, रविवार को उनके पैतृक गांव धालीवाल में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

संतोख सिंह चौधरी जालंधर से दूसरी बार कांग्रेस के सांसद चुने गए थे। वे 76 साल के थे लेकिन शारीरिक रूप से फिट थे। उनके निधन के बाद यात्रा रोक दी गई। संतोख चौधरी का रविवार सुबह 11 बजे उनके पैतृक गांव धालीवाल में अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार के बाद कांग्रेस की यात्रा फिर शुरू होगी। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा- सुबह चौधरी संतोख सिंह पूरी तरह से ठीक थे। स्टेज पर नारे लगा रहे थे। मैं हाथ पकड़कर उन्हें स्टेज से नीचे लाया।

राजा वडिंग ने उनके अंतिम समय का ब्योरा देते हुए बताया- वे राहुल जी के साथ चले। तमिलनाडु से सांसद ज्योति यहां आई थीं। उनसे बात कर रहे थे। चौधरी संतोख सिंह ने कहा … ज्योति हाऊ आर यू… और ऐसा कहते-कहते वे गिर गए। बाद में डॉक्टर ने कहा कि अचानक उनका हार्ट फेल हो गया। घटना के बाद राहुल गांधी जालंधर स्थित फुटबॉल चौक में संतोख सिंह चौधरी के घर पहुंचे और परिवार वालों से मुलाकात की।

राहुल गांधी ने कहा- उनके अचानक निधन से स्तब्ध हूं। वे जमीन से जुड़े परिश्रमी नेता, एक नेक इंसान और कांग्रेस परिवार के मजबूत स्तंभ थे। उनकी मौत की वजह से राहुल की रविवार को जालंधर में होने वाली प्रेस कांफ्रेंस को स्थगित कर दिया गया है। अब यह प्रेस कांफ्रेंस 17 जनवरी को होशियारपुर में होगी। शनिवार को राहुल गांधी के नेतृत्व यात्रा फिल्लौर के भटि्टयां तक यात्रा गए। इसके बाद जैसे ही खबर मिली, यात्रा को रोक दिया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संतोख सिंह के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा- वे पंजाब के लोगों की सेवा के लिए किए प्रयासों के लिए याद किए जाएंगे। उनके परिवार और समर्थकों के साथ संवेदना प्रकट करता हूं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस, भाजपा, आम आदमी पार्टी के अनेक नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया और श्रद्धांजलि दी।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *