रायपुर। कांग्रेस पार्टी ने रायपुर अधिवेशन में एक बड़ा फैसला किया है। पार्टी ने आगे होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए 50 फीसदी सीटें आरक्षित कर दी हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- अगले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनावों में 50 फीसदी सीटें, महिला, युवाओं और अनुसूचित जाति और जनजाति को दी जाएंगी। ध्यान रहे पार्टी ने उदयपुर के नवसंकल्प शिविर में इस बारे में फैसला किया था।
खड़गे ने अधिवेशन के तीसरे दिन रविवार को अपने भाषण में कहा- अधिवेशन में कई विषयों पर चर्चा हुई है। इससे पार्टी मजबूत होगी। हमने जिन प्रस्तावों की मंजूरी दी है। इससे भारत का एक नया इतिहास रचेगा। उन्होंने कहा- जिन राज्यों में हमारी सरकारें बनेंगी, वहां नए प्रस्तावों पर काम होगा, जहां सरकार नहीं होगी, वहां विपक्ष में रहकर ये मुद्दे उठाएं जाएंगे। गौरतलब है कि पार्टी ने खड़गे को कार्य समिति के सभी सदस्यों को मनोनीत करने का अधिकार दिया है।
अधिवेशन के तीसरे दिन प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी महासभा को संबोधित किया और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा- छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के तमाम नेताओं के यहां रेड डलवाई जा रही है। ऐसा करके उनके द्वारा एजेंसियों के माध्यम से दबाव बनवाया जा रहा है। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता अडिग और निडर है। यहां इतनी रेड डाली जा रही है, उन्हें परेशान किया जा रहा है। इसके बाद भी वो निडर होकर अडिग खड़े हैं। उन्होंने कहा- अगर हमें दो दिन के लिए पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है तो अन्य नेताओं को कितने दिन जेल में डाला जा सकता है, ये आप समझ सकते हैं।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा- हमारे संगठन के सामने एक बहुत बड़ी चुनौती है। उसका सामना कैसे किया जाए, इस पर तीन दिनों से महाधिवेशन में चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी को चाहिए कि वो मंडल और ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस की विचारधारा को ले जाएं और नए लोगों को कांग्रेस से जोड़ें।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



