नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बृहस्पतिवार को विधि एवं न्याय मंत्री के रूप में कामकाज संभाल लिया। उन्होंने किरेन रीजीजू की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है जिन्हें मंत्रिमंडल में अचानक किए गए फेरबदल में विधि एवं न्याय मंत्री के पद से हटाकर पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की कमान सौंपी गई है।
राजस्थान की बीकानेर लोकसभा से तीसरी बार संसद में प्रतिनिधित्व कर रहे मेघवाल स्वतंत्र प्रभार के साथ विधि एवं न्याय राज्य मंत्री के रूप में कामकाज संभालने वाले तीसरे मंत्री होंगे। वह संसदीय कार्य और संस्कृति राज्य मंत्री के रूप में भी सरकार में काम कर रहे हैं।
इस साल के आखिर में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले अर्जुन राम मेघवाल (Arjun Ram Meghwal) को नयी जिम्मेदारी दी गयी है। उन्होंने कामकाज संभालने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘मेरी शीर्ष प्राथमिकता सभी को त्वरित न्याय दिलाने की होगी।’ एक सवाल के जवाब में मेघवाल ने कहा कि सरकार और न्यायपालिका के बीच कोई टकराव नहीं है। रीजीजू (Kiren Rijiju) ने मेघवाल से मुलाकात की और नयी जिम्मेदारी के लिए शुभकामना दी।
इससे पहले महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के लोकसभा सदस्य रमाकांत खलप को 1996 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंद्रकुमार गुजराल की सरकार में कानून राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया था। बाद में प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में अरुण जेटली 2000 से 2002 तक लगभग दो साल इसी पद पर रहे। इसके बाद वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में कुछ समय तक महासचिव और राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में जिम्मेदारी निभाने के बाद जनवरी 2003 में केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल हुए थे। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



