शिमला। उत्तर प्रदेश के भाजपा नेता शिव प्रताप शुक्ला (Shiv Pratap Shukla) को हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है, वह वर्तमान राज्यपाल राजिंदर विश्वनाथ अर्हलेकर (Rajinder Vishwanath Arhalekar) का स्थान लेंगे, जिन्हें अब बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
राज्यपालों के फेरबदल की अधिसूचना राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा जारी की जाती थी जिसमें तेरह राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेश के राज्यपाल और उपराज्यपाल में फेरबदल किया गया है। अधिसूचना के अनुसार शिव प्रताप शुक्ला हिमाचल प्रदेश के नए राज्यपाल होंगे। हिमाचल प्रदेश के वर्तमान राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को अब बिहार के राज्यपाल के रूप में स्थानांतरित किया गया है। श्री शुक्ला मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में वित्त राज्य मंत्री थे, वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य हैं।
राष्ट्रपति ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और केन्द्रशासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल राधा कृष्णन माथुर का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति ने आज सुबह 13 राज्यपालों की नियुक्ति पर अपनी सहमति देते हुए लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक को अरुणाचल प्रदेश का नया राज्यपाल, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सिक्किम का राज्यपाल, सी.पी. राधाकृष्णन झारखंड के राज्यपाल, असम के राज्यपाल के रूप में गुलाब चंद कटारिया, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) एस अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल, आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
छत्तीसगढ़ की राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके को मणिपुर का राज्यपाल, मणिपुर के राज्यपाल ला गणेशन को नागालैंड के राज्यपाल, बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय का राज्यपाल, झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का राज्यपाल और अरुणाचल के राज्यपाल ब्रिगेडियर (डॉ.) बी.डी. मिश्रा (सेवानिवृत्त) को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया। उपरोक्त नियुक्तियां उनके संबंधित कार्यालयों का प्रभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी। (वार्ता)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



