पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में अपनी एक नई यात्रा शुरू की है और कहा है कि वे जल्दी ही देश की यात्रा पर निकलेंगे। बताया जा रहा है कि देश की यात्रा से उनका मतलब विपक्ष को एकजुट करने की यात्रा है। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को पश्चिम चंपारण जिले के बगहा समाधान यात्रा शुरू की। कड़ाके की ठंड के बीच मुख्यमंत्री बगहा से दरुआबाड़ी गांव पहुंचे। उन्होंने सरकारी योजनाओं का हाल जाना।
इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि वे बजट सत्र के बाद मैं देश की यात्रा पर निकलेंगे। उन्होंने कहा- पहले अपने राज्य का विकास देख रहे हैं। यहां के सारे काम पूरे करेंगे। इसके बाद आगे बढ़ेंगे। बजट सत्र पूरा होने के बाद हम देश की यात्रा पर निकलेंगे। इससे पहले दरुआबाड़ी गांव की लड़कियों ने मुख्यमंत्री से स्कूल बनाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से तुरंत इस मामले को देखने और समाधान के लिए कहा।
बगहा के बाद नीतीश कुमार बेतिया पहुंचे। यहां पर उन्होंने जन प्रतिनिधियों और अफसरों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री की पहले चरण की यात्रा 29 जनवरी को लखीसराय में समाप्त होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यात्रा को लेकर ट्विटर पर लिखा- समाधान यात्रा के तहत बिहार में विकास कार्यों की प्रगति और योजनाओं पर अमल की स्थिति का जायजा लेने के लिए आज से राज्य के विभिन्न जिलों की यात्रा करूंगा। इस यात्रा में महत्वपूर्ण योजनाओं का निरीक्षण, चिन्हित समूहों के साथ बैठक तथा जिलास्तरीय समीक्षा बैठक की जाएगी। इससे विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा लोगों की समस्याओं का समाधान होगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


