नई दिल्ली/गाजियाबाद। राहुल गांधी के बाद अब उनकी बहन और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने देश के दो सबसे बड़े कारोबारियों पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पूरी सरकार खरीद लेने वाले अदानी, अंबानी उनके भाई को नहीं खरीद पाए और न खरीद सकते हैं। उन्होंने राहुल गांधी को योद्धा बताया। कड़ाके की ठंड में हाफ बाजू की टी शर्ट में यात्रा करने के मामले में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सत्य का कवच पहन कर चल रहे हैं इसलिए उनको ठंड नहीं लग रही है।
इससे पहले मंगलवार को नौ दिन के ब्रेक के बाद कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा फिर से शुरू हुई। यात्रा से पहले राहुल गांधी ने पुरानी दिल्ली में हनुमान मंदिर जाकर पूजा की और वहां से पूर्वी दिल्ली के इलाकों से गुजरते हुए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद पहुंचे। लोनी बॉर्डर पर एक सभा का आयोजन किया गया था, जिसके मंच से प्रियंका ने भाई राहुल को योद्धा बताया। प्रियंका ने कहा- मेरे बड़े भाई… इधर देखो, सबसे ज्यादा गर्व आप पर है। सत्ता का पूरा जोर लगाया गया। सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्च किए, इनकी छवि को खराब करने के लिए, लेकिन ये डरे नहीं। इन पर एजेंसी लगाई गईं। योद्धा हैं… योद्धा हैं।
इसके बाद प्रियंका ने कहा- अदानी, अंबानी ने बड़े-बड़े नेता खरीद लिए। देश की सरकारी संपत्ति खरीद ली। देश की मीडिया खरीद ली, लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए। न खरीद पाएंगे। बहरहाल, राहुल और प्रियंका गाजियाबाद में करीब छह किलोमीटर पैदल चलने के बाद एक ही कार से दिल्ली लौट गए। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी मंगलवार की रात को बागपत नहीं रूके, जहां यात्रा रूकी है। वे बुधवार को बागपत से यात्रा में शामिल होंगे।
इससे पहले मंगलवार को हनुमान मंदिर से शुरू हुई राहुल की यात्रा दिल्ली दंगों में प्रभावित मौजपुर, जाफ़राबाद, गोकुलपुरी से होते हुए उत्तर प्रदेश में प्रवेश किया। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा रात को बागपत में रुकी। गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा नौ दिन के ब्रेक के बाद शुरू हुई है। उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के बाद यात्रा 120 किलोमीटर का सफर तय कर पांच जनवरी को हरियाणा में पहुंचेगी। यात्रा का समापन 30 जनवरी को कश्मीर में होगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


