बेंगलुरू। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आरोपों और बयानों का जवाब दिया। प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री लोगों की समस्या सुनने और राहत देने की बजाय लोगों के सामने हर समय अपना रोना रोते रहते हैं। उन्होंने कहा कि जनता का दुख सुनने की बजाय प्रधानमंत्री हर समय अपना दुखड़ा सुनाते रहते हैं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक बयान का हवाला देते हुए आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने उनको 91 बार गाली दी है।
मोदी के इस बयान का हवाला देते हुए प्रियंका ने जमखंडी में अपने भाई राहुल गांधी का जिक्र किया और कहा- मोदी जी को मेरे भाई से सीखना चाहिए। मेरा भाई कहता है कि मैं देश के लिए गाली क्या, गोली भी खाने को तैयार हूं। प्रियंका ने आगे कहा- किसी ने प्रधानमंत्री जी के ऑफिस में बैठकर एक लिस्ट बनाई है। वो लिस्ट जनता या किसानों की समस्याओं की नहीं है। इस लिस्ट में ये जानकारी है कि मोदी जी को किसने और कितनी बार गाली दी है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा- मोदी जी को दी गई गालियां एक पेज में आ रही हैं। अगर मेरे परिवार को इन लोगों ने जो गालियां दी हैं, उनकी लिस्ट बनाएं तो किताब पर किताब छपवा लेंगे। उन्होंने मोदी को निशाना बनाते हुए कहा- मैंने पहला ऐसा पीएम देखा है, जो जनता के सामने आकर रोता है कि मुझे गाली दे रहे हैं। पीएम जनता का दुख सुनने के बजाय अपना दुखड़ा उनको सुनाते हैं। प्रियंका ने कहा- मोदी जी को हिम्मत रखनी चाहिए। ये सार्वजनिक जीवन है। सब सहना पड़ता है, हिम्मत रखनी पड़ती है, आगे बढ़ना पड़ता है। अगर आप लोगों की बात सुनेंगे तो बेहतर होगा। प्रियंका रविवार को कर्नाटक के दूसरे दौरे पर पहुंचीं और उन्होंने जमखंडी में जनसभा को संबोधित किया। बाद में उन्होंने कुडाची में रोड शो भी किया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



