कोलकाता। पश्चिम बंगाल में दूसरे और आखिरी चरण की 142 सीटों पर 92 फीसदी मतदान हुआ है। हिंसा की छिटपुट घटनाओं के अलावा मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है। दूसरे चऱण में उत्तर व दक्षिण 24 परगना, हुगली, हावड़ा, नदिया, पूर्वी बर्धमान की 142 सीटों पर बुधवार को मतदान हुआ। शाम छह बजे मतदान समाप्त हुआ। चुनाव आयोग की ओर से शाम सात बजे तक के आंकड़े जारी किए गए, जिसके मुताबिक 91.79 फीसदी वोटिंग हुई। इसमें थोड़ी बढ़ोतरी भी हो सकती है।
वोटिंग के दौरान दिन में कई जगहों पर झड़प होने की खबर है, जबकि कुछ जगहों पर सुरक्षा बलों को लाठी चलानी पड़ी। ईवीएम से छेड़छाड़ की खबर भी मिली है। उत्तर 24 परगना में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प हुई। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर हमला किया। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्रीय सुरक्षा बल सीआरपीएफ के हमले से हावड़ा के उदयनारायणपुर में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पार्टी के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि बुजुर्ग अपने बेटे के साथ वोट डालने गए थे। केंद्रीय बलों ने उन्हें धक्का दिया और मारपीट की।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान हुआ था। पहले चरण में 93 फीसदी लोगों ने वोट डाले थे। पिछले चुनाव में पहले चरण में ममता बनर्जी की टीएमसी को 92 और भाजपा को 59 सीटें मिली थीं। दूसरे चरण की 142 सीटों मे से पिछली बार ममता बनर्जी की पार्टी ने 123 और भाजपा ने सिर्फ 18 सीटें जीती थीं। चार मई को राज्य की सभी 294 सीटों पर वोटों की गिनती होगी।
बहरहाल, बुधवार को मतदान के दौरान भाजपा ने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर के फालता में ईवीएम में भाजपा का बटन टेप लगाकर ढक दिया गया था। चुनाव आयोग ने कहा कि जहां भी शिकायतें सही मिलीं, वहां दोबारा चुनाव होंगे। ऐसे ही पानीहाटी में भी ईवीएम पर भाजपा के बटन पर इंक का दाग होने की शिकायत सामने आई। उसे सैनिटाइजर से साफ किया गया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भबानीपुर सीट पर चुनाव लड़ रहे भाजपा के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी को चुनाव क्षेत्र में घेरे जाने की भी खबर आई। शुभेंदु जब कालीघाट में ममता बनर्जी के आवास के करीब से गुजर रहे थे, तब लोगों ने ‘गो बैक’ के नारे लगाए। शुभेंदु ने भी जवाब में जय श्री राम के नारे लगाए।


