बेंगलुरू। छोटे विमानों में इंजन की गड़बड़ी से हादसे का सिलसिला जारी है। पिछले एक महीने में तीसरा छोटा विमान क्रैश हुआ है। कर्नाटक के विजयपुरा जिले में रविवार को एक खेत में प्राइवेट ट्रेनी विमान क्रैश हो गया। हालांकि जमीन पर गिरने से पहले ही दोनों पायलटों ने अपने को इजेक्ट कर लिया। उन्हें हल्की चोटें आई हैं। गौरतलब है कि पिछले महीने 28 जनवरी को पुणे के बारामती के पास महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार का विमान हादसे में निधन हो गया था। उनके साथ चार और लोगों की मौत हुई थी।
बहरहाल, रविवार को एक निजी ट्रेनिंग विमान विजयपुरा जिले के बालेश्वर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया गया कि यह रेड बर्ड एविएशन का एक प्राइवेट ट्रेनी एयरक्राफ्ट है। जो कलबुर्गी से बेलगावी जा रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्लेन के इंजन में तकनीकी खराबी आई थी। विमान के मुख्य पायलट कैप्टन कुणाल मल्होत्रा थे। मल्होत्रा रेडबर्ड एविएशन में असिस्टेंट फ्लाइट इंस्ट्रक्टर हैं। वहीं, ट्रेनी पायलट की पहचान गौतम शंकर पीआर के रूप में हुई है। नागरिक विमानन मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि रेडबर्ड फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी लिमिटेड का सेसना 172 विमान था। बताया गया है कि विमान ने बेलगावी एयरपोर्ट से एक सौ किलोमीटर पूर्व में बागलकोट के पास एक खेत में इमरजेंसी लैंडिंग की। इंस्ट्रक्टर और कैडेट दोनों सुरक्षित हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



