राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

चावड़ी बाजार हादसे पर एई-जेई निलंबित

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यहां के चावड़ी बाजार स्थित गली सितारा में निर्माणाधीन इमारत गिरने से दो लोगों की मौत के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित क्षेत्र के सहायक अभियंता (एई) और कनिष्ठ अभियंता (जेई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिये हैं।

श्रीमती गुप्ता ने गुरुवार को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को हादसे की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने हादसे में दो लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं और घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जाये। साथ ही हादसे से प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और अनुग्रह राशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये, ताकि मुश्किल की इस घड़ी में उन्हें राहत मिल सके।

Also Read : छह राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का आदेश

घटनास्थल पर दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), सीएटीएस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने और राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने को कहा। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराने और निर्माण कार्य में संभावित लापरवाही के सभी पहलुओं की पड़ताल करने के निर्देश दिये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार के लिए प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और उसका कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जायेगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि अपने घरों का निर्माण कराते समय सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों और भवन निर्माण नियमों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही गंभीर दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान का कारण बन सकती है।

Pic Credit : ANI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment