नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार से लेकर अगले पांच दिन तक दुनिया भर के तमाम प्रौद्योगिक दिग्गजों का जमावड़ा होगा। ओपन एआई के संस्थापक सैम ऑल्टमैन भी दिल्ली में होंगे और सुंदर पिचाई भी दिल्ली में होंगे। हालांकि एनवीडिया सीईओ भारत नहीं आ रहे हैं फिर भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया के तमाम बड़े नाम दिल्ली में होंगे। अगले पांच दिन तक भारत मंडपम में इंडिया एआई इमपैक्ट समिट-2026 का आयोजन होगा। सोमवार की शाम पांच बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
इस सम्मेलन में दुनिया भर से राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के शीर्ष प्रतिनिधि शामिल होंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी भारत के दौरे पर आ रहे हैं। मंगलवार, 17 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे मुंबई में मिलेंगे। ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा भी इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे तो स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज भी इसमें शामिल होंगे। इसमें एआई के असर और भविष्य की तस्वीर पर चर्चा होगी।
इस हाई प्रोफाइल सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने भी यातायात को व्यवस्थित रखने के उपाय किए हैं। ध्यान रहे 17 फरवरी से 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा भी शुरू हो रही है। तभी आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव लागू किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, सम्मेलन के दौरान विशेष तौर पर नई दिल्ली जिला और आसपास के वीवीआईपी मूवमेंट वाले इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर कड़ा नियंत्रण रहेगा। कई प्रमुख सड़कों को कंट्रोल्ड जोन घोषित किया गया है, जहां सामान्य वाहनों की एंट्री सीमित या पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


