नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने सभी अटकलों को गलत ठहराते हुए कहा है कि वे राज्यसभा नहीं जाएंगे। पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट जीते संजीव अरोड़ा फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं। उनके इस्तीफे से खाली होने वाली सीट पर केजरीवाल के राज्यसभा जाने की चर्चा थी। केजरीवाल ने उपचुनाव के प्रचार में लोगों से कहा था कि संजीव अरोड़ा जीते तो एक दिन में उनको मंत्री बना देंगे। इससे भी लग रहा था कि केजरीवाल उनकी जीत के लिए इतनी मेहनत इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उनको राज्यसभा जाना है।
हालांकि, संजीव अरोड़ा के चुनाव जीतने के बाद दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि पार्टी की ओर से राज्यसभा में किसे भेजा जाना है यह फैसला आम आदमी पार्टी राजनीतिक मामलों की समिति यानी पीएसी करेगी। उन्होंने इसके बाद दो टूक अंदाज में कहा, ‘मैं राज्यसभा नहीं जा रहा हूं’। उनकी पार्टी की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने भी बाद में कहा कि अरविंद केजरीवाल राज्यसभा नहीं जाएंगे।