हैदराबाद। पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और भारतीय टीम के कप्तान रहे मोहम्मद अजहरूद्दीन को तेलंगाना की रेवंत रेड्डी सरकार में मंत्री बनाया गया है। शुक्रवार को उनको राजभवन में मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। भारतीय जनता पार्टी ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताया है और चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की है। गौरतलब है कि हैदराबाद की जुबली हिल्स विधानसभा सीट पर उपचुनाव चल रहा है।
इस उपचुनाव से ठीक पहले अजहरूद्दीन को एमएलसी बनाया गया और अब उनको मंत्री बनाया गया है। शुक्रवार को राजभवन में उन्हें तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने शपथ दिलाई। वे रेवंत रेड्डी सरकार के पहले मुस्लिम मंत्री बने हैं। हालांकि भाजपा ने अजहरुद्दीन के मंत्री बनाए जाने का विरोध किया है।
भाजपा का कहना है कि जुबली हिल्स विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने से यह आचार संहिता का उल्लंघन है। कांग्रेस तुष्टिकरण की की राजनीति कर रही है। भाजपा ने गुरुवार को राज्य चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की है। गौरतलब है कि, तेलंगाना की जुबली हिल्स विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को उपचुनाव होने हैं। इस सीट पर मुस्लिम मतदाता 30 फीसदी हैं। इसके बावजूद किसी पार्टी ने मुस्लिम उम्मीदवार नहीं उतारा है।


