राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

बैंक हड़ताल से कामकाज प्रभावित

नई दिल्ली। देश भर में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बैंकिंग का कामकाज प्रभावित हुआ। पांच दिन के कामकाजी हफ्ते सहित कई और मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों ने शुक्रवार को हड़ताल की थी। इस हड़ताल के कारण भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक सहित देश भर के सरकारी और कुछ निजी बैंक शुक्रवार को बंद रहे।

बैंकों में कामकाज ठप रहने से चेक क्लीयरेंस, नकद जमा और निकासी, एफडी रिन्यूअल और सरकारी खजाने से जुड़े काम पूरी तरह बंद रहे। असल में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने दो साल से अटकी फाइव डे वर्किंग की मांग को लेकर शुक्रवार को एक दिन की हड़ताल का ऐलान किया था। इस हड़ताल के कारण 11 सितंबर को बैंक बंद रहे। अब 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण सभी बैंक बंद रहेंगे।

तीन दिन की छुट्टी के बाद बैंक सोमवार को खुलेंगे। बैंकों ने हड़ताल से पहले ही अपने ग्राहकों को बता दिया था कि हड़ताल की वजह से ब्रांच स्तर की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, इस दौरान यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं चालू रहेंगी।

बैंक कर्मचारियों के संघ का कहना है कि आठ मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन यानी आईबीए के साथ 12वें दोपक्षीय समझौते और नौंवें जॉइंट नोट पर हस्ताक्षर हुए थे। इसमें फाइव डे बैंकिंग लागू करने पर सहमति बनी थी। इसके तहत कर्मचारी सोमवार से शुक्रवार तक रोज 40 मिनट ज्यादा काम करेंगे। आईबीए ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देकर केंद्र सरकार के पास भेजा था। दो साल से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी वित्त मंत्रालय से इसे मंजूरी नहीं मिली है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment