नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर गुरुवार को पूरे देश में भाजपा ने अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया। प्रधानमंत्री मोदी के गृहनगर वडनगर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने वडनगर वे वाराणसी के लिए तीन सौ बाइकर्स की रैली को हरी झंडी दिखाई। इसी तरह से एक रैली वाराणसी से वडनगर के लिए निकाली गई, जिसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाई।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस मौके पर रक्तदान में हिस्सा लिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार, 17 सितंबर को कई कार्यक्रम शुरू किए गए, जो सात अक्टूबर तक चलेंगे। गौरतलब है कि सात अक्टूबर को सार्वजनिक जीवन में प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल पूरे होंगे। वे सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे।
बहरहाल, गुरुवार को राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर लाखों दीये जलाए गए। उससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मोदी के जन्मदिन पर पूजा और हवन किया। वाराणसी में भी लाखों दीये जलाए गए तो पटना में गंगा के किनारे जेपी गंगा पथ पर दीये जलाए गए। मध्य प्रदेश में दीपोत्सव मनाया गया। वहां सबसे बड़ा आयोजन उज्जैन में हुआ, जहां शिप्रा नदी के घाटों और महाकाल लोक में 25 लाख दीये जलाए गए और मकानो, दुकानों आदि में 10 लाख दीपक जलाए गए।
उत्तराखंड के देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमुना घाट पर पीएम मोदी के नाम से पहली पूजा और आरती कराई। मोदी के जन्मदिन पर पूरे बिहार में 21 लाख दीये जलाए गए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने कांकरिया झील पर आरती की। इससे पहले शाह ने वडनगर में कहा कि मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उन्होंने वडनगर से वाराणसी तक करीब 13 सौ किलोमीटर की बाइक रैली रवाना की।
वाराणसी से भी वडनगर के लिए भी बाइक रैली शुरू हुई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने वाराणसी में बाइकर्स को रवाना किया।
गुरुवार, 17 सितंबर की शाम हुगली नदी के किनारे 10 से अधिक घाटों को रोशन किया गया। इसके लिए प्रशासन ने साढ़े आठ लाख दीये खरीदे थे। इनमें बाजा कदमताल घाट पर अकेले एक लाख दीये जलाए जाएंगे। हरियाणा में भाजपा की सरकार ने करीब 80 लाख दीये बांटे थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



