नई दिल्ली। राहुल गांधी विदेश यात्रा पर गए हैं, जिसे लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सवाल उठाया है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शनिवार को कहा, ‘राहुल गांधी कहां हैं? मैंने सुना है कि वे वियतनाम गए हैं। वे नए साल के दौरान भी वियतनाम में थे। वहां 22 दिन रुके, इतना समय तो वे अपने चुनाव क्षेत्र में नहीं बिताते’। शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘राहुल लगातार वियतनाम और दूसरे देशों की यात्रा कर कर रहे हैं। वियतनाम के प्रति उनके इतने प्रेम का कारण अचानक क्या है? राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं, उन्हें भारत में उपलब्ध रहना चाहिए’।
भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी इस सवाल उठाया और कहा, ‘विपक्ष के नेता के रूप में राहुल गांधी एक महत्वपूर्ण पद पर हैं। और उनकी कई गुप्त विदेश यात्राएं खासकर जब संसद सत्र चल रहा हो, औचित्य और राष्ट्रीय सुरक्षा के बारे में गंभीर सवाल उठाती हैं’। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की लगातार विदेश यात्राओं का ब्योरा संसद को नहीं बताया जाता है। और न ही सार्वजनिक की जाती है।
गौरतलब है कि, राहुल दो महीने पहले भी वियतनाम गए थे 26 दिसंबर 2024 को पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह का निधन हुआ था। मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के तुरंत बाद राहुल गांधी वियतनाम यात्रा पर निकल गए थे। भाजपा ने तब भी इसकी आलोचना की थी। अमित मालवीय ने तब कहा था, ‘जब पूरा देश सिंह के निधन पर शोक मना रहा था, तब गांधी नए साल का जश्न मनाने के लिए वियतनाम गए थे’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



