नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करके प्रदर्शनकारियों को जंतर मंतर से भगा देने के दावे के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा है कि प्रदर्शन अब भी जारी है। सीजेपी के कई लोग अब भी धरने पर बैठे हैं। इस बीच सफदरजंग अस्पताल में रखे गए सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने हाथ से लिखा एक नोट जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि उनकी भूख हड़ताल अब भी जारी है। वे पिछले 23 दिन से भूख हड़ताल पर हैं।
उनका नोट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया गया है। पोस्ट में वांगचुक ने लिखा है, ‘मैं तब तक अनशन जारी रखूंगा, जब तक युवा नेताओं को संसद भवन में सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं मिल जाती, या फिर मुझे यहां अस्पताल में ही सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं दी जाती। मुझे उम्मीद है कि सरकार शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करेगी, उससे पहले नहीं’। उन्होंने आगे लिखा है, ‘युवाओं ने उकसावे के बावजूद जिस तरह शांति बनाए रखी, उससे मैं बहुत प्रभावित और भावुक हूं। मैं सरकार और पुलिस से अपील करता हूं कि इस मुद्दे का समाधान सिर्फ इतना करके करें कि आज या कल छात्रों को संसद के सामने अपनी शिकायतें रखने की अनुमति दे दें। मुझे पूरा विश्वास है कि युवा प्रदर्शनकारी कल भी वही धैर्य और सहिष्णुता दिखाएंगे, जो उन्होंने आज दिखाई’।
उधर कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, ‘अभिजीत दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका और गीतांजलि अंग्मो अभी भी जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं। वे अभी केरल हाउस के सामने हैं’। यह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन खत्म नहीं हो रहा है’। इसमें आगे लिखा गया है, ‘दिल्ली, बाहर आओ और जंतर मंतर पर हमारे साथ जुड़ो, यह ‘अभी या कभी नहीं’ वाली स्थिति है। धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही होगा’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


