राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

संसद तक पहुंचा यूथ सैलाब

नई दिल्ली। जंतर मंतर पर पिछले 22 दिन से प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता और उनके समर्थन में पहुंचे हजारों युवाओं ने सोमवार को पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद संसद भवन की ओर मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और संसद भवन के काफी नजदीक तक पहुंच गए। आनन फानन में संसद के सारे दरवाजे बंद किए गए और सुरक्षा बढ़ाई। संसद की सुरक्षा में लगे अधिकारियों ने बाद में कहा कि उन्होंने प्रदर्शन की तीव्रता और इसकी व्यापकता का गलत आकलन किया था।

इससे पहले रविवार की रात से ही जंतर मंतर पर भीड़ जुटने लगी थी। सुबह साढ़े पांच बजे प्रदर्शनकारियों ने पहली बार पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कनॉट प्लेस से लेकर जंतर मंतर तक सारे रास्ते बंद कर दिए। जंतर मंतर और संसद के आसपास के सारे मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए गए। इसके बावजूद हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और संसद की ओर मार्च में हिस्सा लिया। पुलिस प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई बार लाठी चलाई, पानी की बौछार की और आंसू गैस के गोले छोड़े।

पूरे दिन प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस की झड़प चलती रही। जंतर मंतर से कई वीडियो वायरल हुए, जिसमें पुलिस प्रदर्शनकारियों पर लाठी चला रही थी और उनको मार पीट कर वहां से खदेड़ रही थी। कई लोगों के लहूलुहान होने की तस्वीरें भी वायरल हुईं। बाद में पुलिस ने आंदोलनकारियों को जंतर मंतर से हटा दिया गया है। पुलिस ने मंच भी खाली करा लिया है और टेंट भी उखाड़ दिए गए। हालांकि बाद में फिर प्रदर्शनकारी जंतर मंतर पर जुटने लगे थे। असल में पुलिस ने पहले ही कह दिया था कि प्रदर्शन का समय सात बजे तक है और उसके बाद सबको वहां से हटा दिया जाएगा।

बहरहाल, पुलिस के साथ झड़प के दौरान प्रदर्शनकारी को जंतर मंतर से हट कर कनॉट प्लेस पहुंच गए थे। पुलिस ने उनको वहां से भी खदेड़ दिया। देर शाम तक चले हंगामे के बीच प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के पथराव की तस्वीरें भी सामने आईं। पुलिस की तरफ से दावा किया गया कि प्रदर्शनकारियों ने उनके ऊपर हमला किया, जिसमें 50 के करीब पुलिसकर्मी घायल हो गए। दूसरी ओर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर लाठी चार्ज करने के अलावा पत्थर फेंकने के भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पथराव किया।

कॉकरोच इज बैक नाम के एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि पुलिस प्रदर्शनकारियों पर पत्थर फेंक रही है। साथ ही यह भी पूछा गया है कि ‘क्या बेरहमी से किया गया लाठीचार्ज काफी नहीं था’? बहरहाल, कई विपक्षी नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुए। सपा सांसद डिंपल यादव प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल हुईं। पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लिया था और करीब दो घंटे तक थाने में रखा था। आम आदमी पार्टी के संजय सिंह, मनीष सिसोदिया और आतिशी भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment