राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

दिल्ली में अवैध पीजी हॉस्टल पर बुलडोजर

नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैम्पस के पास सत्य निकेतन में पीजी हॉस्टल की इमारत गिरने और पांच छात्रों सहित सात लोगों की मौत के बाद दिल्ली प्रशासन की नींद खुली है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम ने यह भी निर्देश दिया है कि वरिष्ठ अधिकारी कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रहेंगे। इस बीच सत्य निकेतन की ध्वस्त हुई इमारत में पीजी चलाने वाले को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मकान मालिक और उसके परिजनों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।

बहरहाल, मुख्यमंत्री के आदेश के बाद दिल्ली नगर निगम ने टूट कर गिरी पीजी बिल्डिंग के पास की इमारतों को गिराना शुरू कर दिया है। इन इमारतों में गर्ल्स पीजी था। करीब दो दर्जन संपत्तियों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई हुई है और सात अवैध ढांचों को सील किया जा चुका था। गौरतलब है कि सत्य निकेतन में छह सितंबर को पांच मंजिला इमारत गिरने से सात लोगों की मौत हुई थी।

इस मामले में बुधवार तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने पीजी हादसे में बुधवार को सुधांशु नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। वह बिल्डिंग में हॉस्टल डेज नाम से पीजी चला रहा था। उसका पार्टनर शुभम त्यागी फरार है। इससे पहले बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल, उनकी पत्नी उर्मिला, बेटे महेश और लेबर कॉन्ट्रैक्टर सनोज को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पटियाला हाउस कोर्ट में जज भव्य खराल ने हरिराम और उर्मिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि महेश को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस रिमांड के दौरान महेश ने बताया कि पीजी चलाने वाली कंपनी की शिकायत पर बेसमेंट में जमा पानी और सीलन की दिक्कत दूर करने के लिए मरम्मत कराई जा रही थी।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment