नई दिल्ली। हैदराबाद में हुए कांग्रेस के दो दिन के ‘भारत समिट’ को लेकर विवाद छिड़ गया है। असल में सम्मेलन के दूसरे दिन शनिवार का एक वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस के ऊपर हमला शुरू कर दिया है। इस वीडियो में इटली की मुख्य विपक्षी पार्टी के नेता जियाकोमो फिलिबेक का भाषण है, जिसमें वे ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगा रहे हैं। उनके नारे पर राहुल गांधी हंस रहे हैं और ताली बजा रहे हैं। फिलिबेक ने अपने भाषण में यह भी कहा कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है।
इस वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा ने पूरी ताकत से राहुल पर हमला किया है और आरोप लगाया है कि राहुल देश के दुश्मनों को भारत बुला कर उन्हें मंच दे रहे हैं। हमले की कमान खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संभाली। उनके अलावा केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू, सुधांशु त्रिवेदी आदि भाजपा नेताओं ने भी राहुल पर विदेशी ताकतों की मदद से देश विरोधी अभियान चलाने का आरोप लगाया।
अमित शाह ने महाराष्ट्र में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी पर हमला किया और कहा कि अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों से मंचों से भारत को बदनाम करके वे कभी भी सत्ता हासिल नहीं कर पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल को विदेश यात्रा करने के बजाय गांव गांव घूमने की जरूरत है। पुणे के एक कार्यक्रम में शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने देश को बदनाम किया है। अगर राहुल जीतना चाहते हैं तो विदेश जाना छोड़े और गांवों में जाना शुरू करें।
अमित शाह ने कहा, ‘अभी कांग्रेस पार्टी ने भारत समिट 2026 हैदराबाद में आयोजित की। देश भर में वामपंथी विचारधारा के प्रचारकों को भारत में बुलाया। कांग्रेस के राजकुमार भी वहां गए। इस समिट का नाम भी भारत समिट रखा गया था, लेकिन राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत विरोधी विचार बोलकर पूरी दुनिया में भारत को बदनाम करने का काम किया है’।
फिलिबेक के भाषण पर राहुल गांधी के ताली बजाने वाले वीडियो के हवाले राहुल पर हमला करते हुए किरेन रीजीजू ने बिना उनका नाम लिए सवलिया लहजे में कहा, ‘जब कोई विदेशी भारत का अपमान करता है, तो कौन हंसता है’? भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “आखिर कांग्रेस ऐसे लोगों को अपने राजनीतिक मंच पर क्यों जगह दे रही है, जिनके तार जॉर्ज सोरोस समर्थित ‘ओपन सोसायटी’ नेटवर्क और एमनेस्टी इंटरनेशनल से जुड़े हैं”।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



