राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

छठ के तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य

नई दिल्ली। लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। सोमवार को उगते हुए सूर्य के अर्घ्य देने के साथ ही चार दिन के इस महान पर्व का समापन होगा। राजधानी दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता छठ में शामिल हुईं तो लखनऊ में योगी आदित्यनाथ ने भी अर्घ्य दिया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना में छठ घाटों पर गए और छठ पूजा में हिस्सा लिया। एक दिन पहले खरना प्रसाद के लिए सम्राट चौधरी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के घर गए थे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छठ के मौके पर देश और दुनिया भर में छठ कर रहे व्रतियों को भोजपुरी में शुभकामना दी। राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तो हिंदी में बधाई दी लेकिन युवाओं के एक समूह के साथ बातचीत में उन्होंने भोजपुरी में कहा, ‘बिहार के हमारे भाई बहन रउआ सबके छठ के हार्दिक बधाई। रउआ सबके मिलके बिहार के अस्मिता वापस लावे के बा, बिहार के नंबर एक पर पहुंचावे के बा’।

बहरहाल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को लखनऊ में गोमती नदी के किनारे छठ पूजा की। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार क्लब में सूर्य को अर्ध्य दिया। उनके साथ दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा और सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहे। छठ पूजा के लिए दिल्ली में करीब 14 सौ घाट पर तैयारियां की गई हैं। सोमवार को सुबह के अर्घ्य को देखते हुए मेट्रो का परिचालन डेढ़ घंटे पहले शुरू किया जाएगा। सोमवार को सुबह साढ़े चार बजे से मेट्रो चलेगी।

उधर बिहार में 10 हजार से ज्यादा घाटों पर लाखों लोगों ने छठ पूजा की। जापान से लेकर अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और दुबई तक में लोगों ने धूमधाम से छठ की पूजा की है। एक रिपोर्ट के मुताबिक देश और विदेश से 50 लाख से ज्यादा लोग छठ मनाने अपने गांव और घर लौटे हैं। दिल्ली सरकार ने छठ पूजा पर 16 नवंबर को छुट्‌टी का ऐलान किया है। उत्तर प्रदेश में भी 15 और 16 नवंबर को छुट्‌टी रहेगी।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment