राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सोनिया ने प्रेम लिखा, हमने राजनीति पढ़ी!

सोनिया गांधी ने ‘बिलॉन्गिंग’ में भारत से अपने जुड़ाव की कहानी लिखी है। राजीव के संग धड़के अपने दिल को याद किया है। फिर उस प्रेम के सहारे एक अनजान देश में आने, उसमें रचने-बसने, उसके सुख-दुख को अपनी साँसों में उतारने की कहानी कही है। मगर जिस स्त्री ने इतने वर्षों बाद अपने प्रेम, संकोच, उलझनों, दुख और स्मृतियों को शब्द दिए, उसकी अपनी कहानी पीछे छूट गई है। और लोग अपने-अपने आग्रह-पूर्वाग्रह से राय बना रहे हैं। बाल की खाल निकाल रहे हैं। किताब अभी आई ही है कि हिसाब लग रहा है। इससे किसे फायदा होगा, किसे नुकसान? किस प्रसंग से कांग्रेस को लाभ मिलेगा, किस खुलासे से भाजपा को हमला करने का मौका मिलेगा? किस स्मृति से राहुल गांधी की छवि बनेगी और किस चुप्पी से सोनिया गांधी को कठघरे में खड़ा किया जा सकेगा? किताब के पन्ने खुले नहीं कि दशकों पुरानी स्मृतियाँ ब्रेकिंग न्यूज बन गईं। पुस्तक के अंशों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर घूम रही हैं। भौकाल है, बिक्री है, राजनीतिक शोर है। बस उस स्त्री की कहानी सुनने, उसे महसूस करने की फुरसत नहीं है, जिसने इतने वर्षों बाद अपनी कहानी खुद कही है।

दरअसल, भारत कभी तय नहीं कर पाया कि सोनिया गांधी को क्या माने। उन्हें अपनाया भी, उन पर संदेह भी किया। उन्हें सत्ता के शिखर तक पहुँचाया, तो बदनाम करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। दशकों से यह बहस चलती रही कि वे सचमुच भारत की अपनी हैं भी या नहीं।

इसमें एक विचित्र विडंबना है। जिस देश में विवाह के बाद स्त्री को पति के परिवार का हिस्सा मान लिया जाता है, उसी देश में सोनिया गांधी का उस परिवार और देश से जुड़ाव हमेशा सवालों के घेरे में रहा। हालाँकि किसी दूसरी संस्कृति, दूसरे परिवेश में विवाह करके जाने वाली स्त्री जानती है कि नए संसार का अपना होना इतना आसान नहीं होता। उसमें समय लगता है। स्नेह और सामंजस्य से, उन रीति-रिवाजों को अपनाने से, जिन्हें कोई समझाता नहीं, और उन अपेक्षाओं को पूरा करने से, जिन्हें कोई खुलकर बताता नहीं। कभी-कभी किसी अपने को खोने के बाद ही उस संसार से रिश्ता गहरा होता है।

इसीलिए मैंने सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग’ उनकी राजनीति को समझने के लिए नहीं उठाई। उस बारे में तो वर्षों से पढ़ती आई हूँ। किताब उठाने का कारण उसके मुखपृष्ठ पर छपी एक युवती की आँखें थीं। कुछ खोजती हुईं, कुछ सोचती हुईं आँखें। मैं जानना चाहती थी कि कभी वह दुनिया उन्हें कैसी दिखाई देती थी। जब वे प्रेम में थीं और नहीं जानती थीं कि आगे क्या होने वाला है। इतने वर्षों बाद आखिर ऐसा क्या हुआ कि उन्होंने अपने मन की बातें कहने का फैसला किया? अपनी उलझनों, संकोचों, इच्छाओं और दुखों को, भले कुछ ही सही, दूसरों के सामने खोलना चाहा? मैं समझना चाहती थी कि बार-बार अपनी दुनिया को बिखरते देखना कैसा होता है। और हर बार उसके टुकड़ों को समेटकर फिर जीवन बनाना कैसे संभव होता है? वह जीवन, जिसमें प्रेम है, अपनों को खोने का दुख है, स्मृतियाँ हैं और लगातार यह तलाश है कि आखिर अपना कौन है, अपना घर कहाँ है।

शायद मुखपृष्ठ की वे आँखें ही इस किताब का असली आकर्षण हैं। राजीव गांधी के कैमरे से ली गई सोनिया की श्वेत-श्याम तस्वीर। एक युवती, जिसके जीवन पर अभी इतिहास ने अपना दावा नहीं किया था। चेहरे पर सहजता है, अपने होने का आत्मविश्वास है। आँखों में कुछ खोजने, कुछ जानने की उत्सुकता है। और कोमलता के भीतर एक दृढ़ता भी झलकती है। किताब पलटिए। पिछले आवरण पर फिर सोनिया हैं। मगर कई दशक बाद की। इस बार तस्वीर उनके पोते ने ली है। रंगीन तस्वीर में वे खुलकर मुस्करा रही हैं। ऐसी आत्मीय मुस्कान, जिसमें न संकोच है, न किसी को कुछ जताने की कोशिश। मानो जीवन से अब कोई शिकायत नहीं।

दोनों तस्वीरों को साथ देखिए। पहली में एक युवती अपने खयालों में खोई हुई है। आगे की दुनिया से बेखबर। दूसरी में वही स्त्री है, जिसने उस दुनिया को जी लिया है। प्रेम किया, परिवार बसाया, अपनों को खोया, सत्ता को करीब से देखा और ऐसे आघात सहे, जिनकी कभी कल्पना भी नहीं की होगी। फिर भी चेहरे पर सहज मुस्कान है। मानो जिंदगी ने जो दिया, जो छीना, उसके बाद अब किसी को कुछ साबित करना बाकी नहीं रहा।

और इन दो तस्वीरों के बीच? एक पूरी जिंदगी है। ऐसी जिंदगी जिसे भारत ने दशकों तक देखा। उसके हर कदम पर राय बनाई। कभी अपनाया, कभी ठुकराया। उसके फैसलों की चीरफाड़ की, उसके इरादों पर संदेह किया। यहाँ तक कि उसकी निजी जिंदगी भी देश की राजनीतिक बहसों का हिस्सा बन गई। मगर अजीब है कि जिस चेहरे को भारत इतने वर्षों से जानता है, उस चेहरे के पीछे की स्त्री को कितना कम जानता है!

राजीव से प्रेम करने वाली वह युवती कौन थी? भारत आने से पहले उसके सपने क्या थे? वह क्या चाहती थी? क्या सोचती थी? सोनिया गांधी बनने से पहले की सोनिया को जानने की उत्सुकता आखिर कितनों में रही? और जब विवाह, परिवार, देश और फिर इतिहास ने उसके जीवन की दिशा बदल दी, तब उसके भीतर की उस युवती का क्या हुआ? वह कितनी बची, कितनी बदली? हमने तो उसके जीवन का अर्थ भी अपनी-अपनी राजनीति से तय कर दिया। लेकिन उससे कभी पूछा ही नहीं कि उसने अपनी जिंदगी को कैसे जिया, कैसे समझा।

‘बिलॉन्गिंग’ एक ऐसे घर के भीतर ले जाती है, जिसे भारत पीढ़ियों से देखता आया है। मगर हमेशा बाहर से। नेहरू-गांधी परिवार की राजनीति, सत्ता, उसके उतार-चढ़ाव और विवादों के बारे में कितना कुछ लिखा-पढ़ा गया है। लेकिन उस घर के भीतर की जिंदगी? वहाँ भी वही रिश्ते हैं, जो किसी दूसरे परिवार में होते हैं। अपनापन है, छोटी-मोटी खटपट है, अनकही अपेक्षाएँ हैं, रिश्तों को निभाने की जिम्मेदारियाँ हैं। सोनिया की परिस्थितियाँ जरूर असाधारण थीं, लेकिन उनकी स्मृतियों में एक साधारण स्त्री की उलझनें भी हैं। एक नए घर में अपनी जगह बनाने की कोशिश। दूसरी भाषा, दूसरी संस्कृति, दूसरे रीति-रिवाजों को अपनाने की मुश्किल। और इस सबके बीच अपने पुराने घर, अपने देश, अपने बचपन का कुछ हिस्सा अपने भीतर बचाए रखने की चाह।

सोचिए, इटली की एक युवती विवाह करके ऐसे परिवार में आई, जिसका इतिहास स्वतंत्र भारत के इतिहास से जुड़ा हुआ था। घर की मुखिया इंदिरा गांधी थीं। देश की प्रधानमंत्री। घर में सत्ता का वैभव था, प्रतिष्ठा थी, सुविधाएँ थीं। लेकिन क्या इन सबसे कोई अनजान घर अपना हो जाता है? क्या प्रधानमंत्री की बहू बन जाने से एक युवती की वे उलझनें खत्म हो जाती हैं, जो विवाह के बाद किसी नए संसार में कदम रखते हुए होती हैं? और क्या सत्ता की ताकत किसी को आने वाले दुखों से बचा सकती है? सोनिया ने तो राजीव से प्रेम किया था। उनके साथ जीवन बिताने के लिए भारत को चुना था। राजनीति नहीं चुनी थी। सत्ता की विरासत नहीं माँगी थी। वह तो बहुत बाद में ऐसी परिस्थितियों में उनके हिस्से आई, जिनकी उन्होंने शायद सपने में भी कल्पना नहीं की होगी।

किताब पढ़ते हुए मुझे बार-बार लगता है कि हम दो अलग-अलग सोनिया को देख रहे हैं। एक वह स्त्री, जो अपने जीवन को याद कर रही है। अपने प्रेम, परिवार, संकोच, सुख-दुख और बिछुड़ने वालों को। दूसरी वह सोनिया गांधी, जिसे भारत ने दशकों की राजनीति में अपने हिसाब से गढ़ रखा है। किसी के लिए त्याग की प्रतिमूर्ति, किसी के लिए सत्ता की महत्वाकांक्षी, किसी के लिए विदेशी और किसी के लिए नेहरू-गांधी परिवार की विरासत सँभालने वाली नेता। मगर इन तमाम छवियों के पीछे जो स्त्री है, वह कहाँ है? किताब में वह अपनी बात कह रही है। और हम हैं कि उसकी बात सुनने के बजाय फिर उसी पुरानी राजनीतिक सोनिया को खोज रहे हैं।

किताब आई और एक बार फिर राजनीति की सोनिया, उस सोनिया पर भारी पड़ गईं, जो अपनी जिंदगी सुना रही हैं। किस घटना का क्या अर्थ है, किस स्मृति में कितना सच है, किस प्रसंग में कौन-सा राजनीतिक खुलासा छिपा है? बहस इन्हीं बातों पर चल पड़ी। लेकिन उन घटनाओं को जीने वाली स्त्री के बारे में जानने की उत्सुकता कितनों में थी? उसकी आँखों से उस समय को देखने की कोशिश किसने की? मानो सोनिया गांधी की अपनी कोई जिंदगी थी ही नहीं। जो था, वह सब राजनीति थी।

पुराने विवाद लौट आए। वही आरोप, वही संदेह। वही धारणा कि सत्ता की महत्वाकांक्षा तो शुरू से रही होगी। मानो इटली से भारत आई उस युवती को पहले दिन से मालूम था कि एक दिन उसे कांग्रेस की कमान सँभालनी है। राजीव से प्रेम, विवाह, बच्चे, घर-परिवार, सुख-दुख, सब जैसे किसी दूरगामी राजनीतिक योजना के हिस्से थे। वह जो कुछ कर रही थी, उसका एक ही लक्ष्य था—सत्ता! तब क्या प्रेम भी सत्ता तक पहुँचने का रास्ता था? क्या उस युवती की अपनी इच्छाएँ, अपने सपने, अपनी पसंद-नापसंद कुछ नहीं थीं?

एक स्त्री, दो तस्वीरें और अनसुनी कहानी।

दरअसल, हम किसी की जिंदगी को उसके आखिरी मुकाम से समझने की गलती करते हैं। जो व्यक्ति आज जहाँ खड़ा है, मान लेते हैं कि वह शुरू से वहीं पहुँचना चाहता था। सोनिया गांधी के साथ भी यही हुआ। राजीव से उनका विवाह सत्ता की ओर पहला कदम मान लिया गया। राजनीति से दूर रहने की उनकी इच्छा को चालाकी का पर्दा बताया गया। और जब उन्होंने कांग्रेस का नेतृत्व सँभाला तो उसे इस बात का सबूत बना दिया गया कि देखिए, महत्वाकांक्षा तो शुरू से थी! बस छिपाकर रखी गई थी।

उधर सोनिया के प्रशंसकों ने भी अपनी एक अलग कहानी बना ली। उनके लिए सोनिया हमेशा त्याग करने वाली स्त्री हैं। पहले पति के लिए अपना देश छोड़ा। फिर परिवार के लिए अपने को समर्पित किया। और अंततः कर्तव्य निभाने के लिए राजनीति में आईं। मानो उन्होंने जीवन में जो कुछ किया, वह सब दूसरों के लिए किया। अपनी कोई इच्छा नहीं, कोई महत्वाकांक्षा नहीं। एक तरफ सत्ता की भूखी सोनिया, दूसरी तरफ त्याग की देवी। दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी सोनिया बना ली। असली सोनिया कहाँ हैं?

क्या मनुष्य हमेशा वैसा ही रहता है, जैसा बीस-पच्चीस वर्ष की उम्र में था? क्या परिस्थितियाँ उसे नहीं बदलतीं? क्या जीवन के अनुभव, आघात, जिम्मेदारियाँ और अवसर उसकी इच्छाओं को नया रूप नहीं देते? यह क्यों नहीं हो सकता कि जिस युवती ने राजनीति के बारे में कभी सोचा भी नहीं था, उसमें आगे चलकर राजनीतिक महत्वाकांक्षा पैदा हुई हो? और यह भी क्यों नहीं हो सकता कि किसी समय उसने सचमुच राजनीति से दूर रहना चाहा हो, मगर बाद में परिस्थितियों ने उसे राजनीति में आने का फैसला करने पर मजबूर किया हो?

मनुष्य का जीवन इतना सीधा कहाँ होता है! उसमें प्रेम भी होता है, महत्वाकांक्षा भी। संकोच भी होता है, सत्ता की इच्छा भी। त्याग और स्वार्थ भी एक ही व्यक्ति में हो सकते हैं। एक भावना के होने से दूसरी झूठी नहीं हो जाती। लेकिन राजनीति की हमारी समझ ही कुछ ऐसी बन गई है कि किसी को सही साबित करने के लिए दूसरे सच को गलत ठहराना जरूरी लगता है। सोनिया गांधी को महत्वाकांक्षी मान लिया तो उनके प्रेम और त्याग पर संदेह करना होगा। उन्हें त्याग की प्रतिमूर्ति मान लिया तो उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा से इनकार करना होगा।

जबकि जिंदगी न इतनी सरल है, न इतिहास। हम किसी के आज को जानकर उसके बीते हुए कल का अर्थ तय कर देते हैं। फिर मान लेते हैं कि जो अंत में हुआ, वही शुरू से होना था। इस तरह कहानी जरूर बन जाती है। मगर क्या उससे उस मनुष्य का जीवन समझ में आता है?

शायद राजनीतिक आत्मकथा की सबसे बड़ी मुश्किल यही है। लिखने वाला अपनी जिंदगी को वहाँ से देखता है, जहाँ तक वह पहुँच चुका है। और पढ़ने वाला भी जानता है कि आगे क्या हुआ था। दोनों को लगता है कि बीते हुए वर्षों में कोई सिलसिला रहा होगा। एक घटना से दूसरी घटना जुड़ी होगी और सब कुछ आखिरकार उसी मुकाम तक पहुँचने के लिए घटा होगा। मगर क्या जिंदगी ऐसे चलती है? जब हम किसी क्षण को जी रहे होते हैं, तब कहाँ जानते हैं कि उसका आगे क्या अर्थ निकलेगा? किससे मिलना जीवन बदल देगा, कौन-सा फैसला किस मोड़ पर ले जाएगा और आज की मामूली-सी बात कल इतिहास बन जाएगी?

जवाहरलाल नेहरू को ही लीजिए। तीस के दशक में जेल में बैठकर उन्होंने अपनी आत्मकथा लिखी थी। अपने बचपन, परिवार, शिक्षा, राजनीतिक अनुभवों और मन की उलझनों को याद किया था। तब उन्हें कहाँ मालूम था कि स्वतंत्र भारत कैसा होगा? वे खुद उसके पहले प्रधानमंत्री बनेंगे और फिर आने वाली पीढ़ियों तक उनका परिवार देश की राजनीति के केंद्र में बना रहेगा। वे एक ऐसे भविष्य की ओर देख रहे थे, जो अभी बना ही नहीं था। सोनिया गांधी उसी इतिहास के दूसरे सिरे पर खड़ी होकर लिख रही हैं। नेहरू के लिए जो स्वतंत्र भारत एक सपना था, अनिश्चित भविष्य था, वह सोनिया के लिए एक परिवार की भारी-भरकम विरासत है। एक ऐसा अतीत, जिससे वे चाहकर भी अलग नहीं हो सकतीं।

यह केवल परदादा, दादी, बेटे और बहू के रिश्तों का मामला नहीं है। सवाल है कि इतिहास किसी मनुष्य की जिंदगी का अर्थ कैसे बदल देता है। नेहरू ने अपनी आत्मकथा में जो निजी अनुभव लिखे, उन्हें आज हम यह जानते हुए पढ़ते हैं कि आगे चलकर वे स्वतंत्र भारत के प्रधानमंत्री बने। उनके बचपन की जिज्ञासा, पिता से मतभेद, राजनीतिक संकोच और वैचारिक संघर्ष में भी हम भविष्य के प्रधानमंत्री को खोजने लगते हैं। जबकि जब वे उन अनुभवों से गुजर रहे थे, तब उनके सामने कोई तयशुदा भविष्य नहीं था।

सोनिया गांधी के साथ भी यही होता है। वे विवाह की कोई स्मृति लिखें तो हम उसमें राजनीति का संकेत खोजते हैं। इंदिरा गांधी के साथ घर की कोई बात याद करें तो उसमें सत्ता के रिश्तों का अर्थ निकालने लगते हैं। राजीव के साथ बिताए दिनों का जिक्र हो तो सवाल उठता है कि आगे की राजनीति का कितना आभास था। और किसी घटना का उल्लेख नहीं किया तो संदेह कि जरूर कुछ छिपाया गया है। मानो नेहरू-गांधी परिवार में कोई बात केवल घर की बात हो ही नहीं सकती। हर स्मृति का राजनीतिक अर्थ होना जरूरी है।

यही तो इस उपनाम की विचित्र नियति है। नेहरू-गांधी नाम किताब को पाठक देता है, उत्सुकता पैदा करता है, बिक्री बढ़ाता है। मगर उसी नाम के कारण लेखक अपनी साधारण स्मृतियों का मालिक भी नहीं रह जाता। बचपन, प्रेम, विवाह, घर, परिवार, छोटी-छोटी खुशियाँ—सब पर इतिहास का पहरा लग जाता है। किसी दूसरे परिवार की बहू अपनी सास के बारे में कुछ लिखे तो वह घर की स्मृति होगी। सोनिया अपनी सास इंदिरा गांधी के बारे में लिखें तो वह राजनीतिक दस्तावेज बन जाती है। आखिर एक स्त्री अपने घर को घर की तरह याद भी कैसे करे?

लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि सोनिया गांधी की लिखी हर बात को सच मान लिया जाए। आखिर आत्मकथा अपनी कहानी है, निष्पक्ष इतिहास नहीं। जो लिख रहा है, वही तय करता है कि क्या बताना है और क्या नहीं। किस घटना को विस्तार देना है, किसे कुछ पंक्तियों में समेटना है। किस व्यक्ति को किस रूप में याद करना है और किस प्रसंग पर चुप रह जाना है। याददाश्त भी अपना चुनाव करती है। समय बीतने के साथ घटनाओं के अर्थ बदलते हैं। कभी हम किसी पुराने फैसले को सही ठहराते हैं, कभी किसी दुख को नए अर्थ में समझते हैं। और कभी अनजाने में ही अपने अतीत को वैसा बना लेते हैं, जैसा आज उसे देखना चाहते हैं।

इसलिए सोनिया गांधी की आत्मकथा को भी सवालों से छूट नहीं मिल सकती। लेकिन उसे केवल सवालों के कठघरे में खड़ा करके पढ़ेंगे तो उस जीवन का क्या होगा, जिसे समझने के लिए किताब लिखी गई है?

इसलिए सोनिया गांधी की आत्मकथा की पड़ताल जरूर होनी चाहिए। उन्होंने क्या बताया, क्या नहीं बताया, किन प्रसंगों पर चुप रहीं और किन घटनाओं को अपने ढंग से याद किया, सबकी जाँच हो। उनके राजनीतिक दावों को इतिहास के दस्तावेजों और तथ्यों से मिलाया जाए। आखिर कांग्रेस की विफलताओं को नेहरू-गांधी परिवार की त्रासदियों के पीछे छिपाया नहीं जा सकता। न ही इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्याओं का दुख वंशवादी राजनीति के सवालों का जवाब है। एक परिवार ने क्या सहा, यह अपनी जगह है। उस परिवार ने देश की राजनीति में क्या किया, यह अलग सवाल है। दोनों को गड्डमड्ड करके न इतिहास समझा जा सकता है, न उस परिवार का जीवन।

मगर क्या आत्मकथा पढ़ने का मतलब सिर्फ लेखक की गलतियाँ पकड़ना है? किस वाक्य में विरोधाभास है, कौन-सी बात छिपाई गई है, किस घटना का दूसरा पक्ष क्या है? क्या हम किताब इसलिए उठाते हैं कि लेखक को झूठा साबित कर सकें? उससे राजनीतिक बहस के लिए मसाला जरूर मिलेगा। किसी के खिलाफ एक नया आरोप, किसी के पक्ष में एक नया तर्क भी मिल जाएगा। लेकिन उस व्यक्ति का क्या, जिसकी जिंदगी इन पन्नों में है? उसे जानने, समझने का अवसर तो हाथ से निकल गया।

मुझे लगता है, आत्मकथा को न श्रद्धा से पढ़ना चाहिए, न दुश्मनी से। लेखक ने जो लिखा, वह सब सच है, ऐसा मानने की जरूरत नहीं। मगर हर स्मृति के पीछे कोई चाल है, हर चुप्पी में कोई षड्यंत्र है, यह मानकर भी क्या पढ़ना? अधिक दिलचस्प यह जानना है कि कोई व्यक्ति अपने जीवन को कैसे याद करता है। क्या बताता है, क्या छोड़ देता है। कौन-सी बात आज भी उसे छूती है, किस दुख को वह इतने वर्षों बाद भी शब्द नहीं दे पाता। और फिर यह कि इतिहास ने उसकी अपनी जिंदगी का क्या बना दिया।

लेकिन ‘बिलॉन्गिंग’ को लेकर मचे शोर में यह फर्क ही खो गया है। किताब आई नहीं कि पन्नों पर निशान लगने लगे। अंशों की तस्वीरें खिंचने लगीं। दशकों पुरानी बातें नए खुलासों की तरह परोसी जाने लगीं। राजनीतिक पत्रकार पुराने विवादों की फाइलें खोलकर बैठ गए। सोशल मीडिया पर हर स्मृति को ब्रेकिंग न्यूज की तरह उछाला जाने लगा। जो अनुभव सोनिया गांधी ने इतने वर्षों तक अपने भीतर सँजोए रखे, वे कुछ ही घंटों में राजनीतिक बहस का सामान बन गए। किसने क्या कहा था, किसने क्या नहीं कहा, कौन सही निकला, कौन गलत? शोर इतना कि किताब की अपनी आवाज ही दब गई।

राजनीतिक आत्मकथा है तो राजनीति पर सवाल भी होंगे। इसमें आपत्ति कैसी? मगर सवाल पूछने और अपने पक्ष के लिए हथियार खोजने में फर्क है। जब किताब पढ़ते हुए हमारी निगाह केवल इस पर रहे कि कौन-सा वाक्य किसके खिलाफ इस्तेमाल हो सकता है, तब हम पढ़ क्या रहे हैं? लेखक का जीवन या अपनी राजनीति? किताब में नया क्या जानने को मिला, इसकी उत्सुकता कम है। उससे किस पर हमला किया जा सकता है, इसकी जल्दी ज्यादा है।

और तब एक अजीब बात होती है। जिस स्त्री ने अपनी जिंदगी सुनाने के लिए किताब लिखी, उसकी जिंदगी ही चर्चा से गायब हो जाती है। उसके अनुभव, उसकी स्मृतियाँ, उसके सुख-दुख पीछे रह जाते हैं। आगे आ जाते हैं वे लोग, जो पहले से तय कर चुके हैं कि सोनिया गांधी कौन हैं और उन्हें क्या होना चाहिए था। किताब उनकी नहीं रह जाती। वह फिर उसी राजनीतिक लड़ाई का हिस्सा बन जाती है, जिससे अलग होकर शायद पहली बार वे अपने जीवन को याद करना चाहती थीं।

निश्चय ही सोनिया गांधी ने अपनी कहानी अपने ढंग से लिखी है। क्या याद करना है, क्या बताना है और किन बातों पर चुप रहना है, यह फैसला उन्हीं का है। आखिर वे वर्षों तक देश की राजनीति के केंद्र में रही हैं। सत्ता में न होते हुए भी सत्ता के फैसलों पर उनका प्रभाव रहा है। इसलिए उनकी स्मृतियों को इतिहास की कसौटी पर परखा जाना चाहिए। मगर क्या ‘बिलॉन्गिंग’ की अहमियत सिर्फ इतनी है कि उससे राहुल गांधी को कितना फायदा होगा, प्रियंका गांधी की छवि कितनी बनेगी, कांग्रेस को क्या मिलेगा या भाजपा को किस बात से परेशानी होगी? क्या एक स्त्री की पूरी जिंदगी को आज की राजनीति के नफे-नुकसान में समेट देना चाहिए?

जरा सोनिया गांधी की जिंदगी का विरोधाभास देखिए। इटली में जन्मी एक युवती भारत आई। यहाँ विवाह किया, परिवार बसाया, अपने पति और सास को खोया। इसी देश में अपने बच्चों को बड़ा किया। फिर देश की राजनीति की सबसे शक्तिशाली हस्तियों में शामिल हुई। लेकिन इतने सबके बाद भी बहुतों की नजर में विदेशी ही बनी रही। उनकी राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठना स्वाभाविक था। वे कितनी सत्ता रखें, किस अधिकार से फैसलों को प्रभावित करें, किसके प्रति जवाबदेह हों—लोकतंत्र में इन सवालों की जगह है। मगर उनकी जन्मभूमि ही उनके खिलाफ आरोप बन गई। सवाल केवल यह नहीं रहा कि उन्हें कितनी राजनीतिक शक्ति मिलनी चाहिए। सवाल यह भी बना रहा कि क्या वे कभी सचमुच भारत की हो सकती हैं?

सोचिए, जिस देश को उन्होंने अपना घर बनाया, उसी देश में उनका अपनापन दशकों तक बहस का विषय बना रहा। विवाह से परिवार मिला, परिवार से देश जुड़ा, फिर उसी परिवार की राजनीतिक विरासत उनके हिस्से आई। लेकिन क्या इन सबके बीच उन्हें कभी यह अधिकार मिला कि वे अपने जीवन को अपनी तरह से परिभाषित कर सकें? या भारत ने हमेशा तय किया कि सोनिया गांधी को क्या होना चाहिए—भारतीय या विदेशी, त्यागी या महत्वाकांक्षी, बहू या नेता?

और इसलिए मैं फिर किताब के मुखपृष्ठ पर लौटती हूँ। राजीव के कैमरे से ली गई उस युवती की तस्वीर पर। उसकी आँखों में। तब उसे क्या मालूम था कि प्रेम उसे कहाँ ले जाएगा? जिस देश में वह अपने पति के साथ घर बसाने जा रही है, एक दिन वही देश उसकी पहचान पर सवाल करेगा। वह सत्ता के इतने करीब पहुँचेगी, फिर खुद राजनीति के केंद्र में आ जाएगी। और जिन रिश्तों के सहारे उसने इस देश को अपना बनाया था, उन्हीं में से कितने उससे छिन जाएँगे।

एक स्त्री के रूप में मुझे इन दो तस्वीरों के बीच की जिंदगी अधिक आकर्षित करती है। पहली तस्वीर की सोनिया और आखिरी आवरण पर मुस्कराती सोनिया। दोनों के बीच कितना फासला है! हम कभी क्या होते हैं और जिंदगी हमें क्या बना देती है? अपने भीतर की पुरानी दुनिया का कितना हिस्सा बचा पाते हैं? कितना पीछे छूट जाता है? और जो नया जीवन बनता है, उसमें हम अपनी इच्छा से कितना चुनते हैं, कितना परिस्थितियों के कारण स्वीकार करते हैं? राजनीति का इतिहास इन सवालों पर कहाँ ठहरता है? उसे तो घटनाएँ चाहिए, फैसले चाहिए, सत्ता के उतार-चढ़ाव चाहिए। मगर उन घटनाओं को जीने वाले मनुष्य का क्या?

‘बिलॉन्गिंग’ पढ़कर सोनिया गांधी की राजनीति के बारे में मेरी राय बदली हो, यह जरूरी नहीं। उनके राजनीतिक फैसलों पर मेरे सवाल अपनी जगह हैं। लेकिन किताब ने मुझे यह जरूर सोचने पर मजबूर किया कि क्या किसी मनुष्य की पूरी जिंदगी को उसकी राजनीति से समझा जा सकता है? हम जानते हैं कि उसने क्या फैसले किए, किसका साथ दिया, किसका विरोध किया, कहाँ सफल हुआ, कहाँ विफल। लेकिन क्या इससे हम यह भी जान लेते हैं कि उसने अपनी जिंदगी कैसे जी? किन उम्मीदों के साथ शुरुआत की थी? क्या खोया, क्या पाया? और वह अपने जीवन को खुद किस तरह याद करता है?

हो सकता है, सोनिया गांधी की आत्मकथा किसी की राजनीतिक राय न बदले। जो उनके समर्थक हैं, वे समर्थक बने रहें। जो विरोधी हैं, वे विरोध करते रहें। मगर क्या किताब पढ़ने का मतलब केवल अपनी पुरानी राय को और पक्का करना है? क्या किसी दूसरे की जिंदगी में झाँककर भी हम अपनी ही धारणाओं से बाहर नहीं निकल सकते?

आखिर सोनिया गांधी ने इतने वर्षों बाद अपनी कहानी सुनाई है। सवाल यह नहीं कि हम उससे सहमत हैं या असहमत। सवाल यह है कि क्या हमने उनकी कहानी सुनी भी?

और यदि पूरी किताब पढ़कर भी हम ठीक वहीं खड़े हैं, जहाँ अपने आग्रह-पूर्वाग्रहों के साथ पहले से खड़े थे, तो फिर हमने पढ़ा क्या?

By श्रुति व्यास

संवाददाता/स्तंभकार/ संपादक नया इंडिया में संवाददता और स्तंभकार। प्रबंध संपादक- www.nayaindia.com राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति के समसामयिक विषयों पर रिपोर्टिंग और कॉलम लेखन। स्कॉटलेंड की सेंट एंड्रियूज विश्वविधालय में इंटरनेशनल रिलेशन व मेनेजमेंट के अध्ययन के साथ बीबीसी, दिल्ली आदि में वर्क अनुभव ले पत्रकारिता और भारत की राजनीति की राजनीति में दिलचस्पी से समसामयिक विषयों पर लिखना शुरू किया। लोकसभा तथा विधानसभा चुनावों की ग्राउंड रिपोर्टिंग, यूट्यूब तथा सोशल मीडिया के साथ अंग्रेजी वेबसाइट दिप्रिंट, रिडिफ आदि में लेखन योगदान। लिखने का पसंदीदा विषय लोकसभा-विधानसभा चुनावों को कवर करते हुए लोगों के मूड़, उनमें चरचे-चरखे और जमीनी हकीकत को समझना-बूझना।

Leave a comment