नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ रहा है। देश में एक्टिव कोरोना केसेज की संख्या बढ़ कर चार हजार से ज्यादा हो गई है। इनमें से सबसे ज्यादा केस केरल और महाराष्ट्र में हैं। देश के कुल एक्टिव केसेज में से आधे केस इन दो राज्यों में हैं। हालांकि मंगलवार को सबसे ज्यादा केस गुजरात में मिले। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक गुजरात के अहमदाबाद में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 60 केस मिले हैं। राजकोट में पुलिस अधीक्षक, एसपी हिमकर सिंह भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। वे फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश भर में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना से पांच लोगों की मौत भी हुई है। इनमें केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में एक-एक और महाराष्ट्र में दो मौतें हुई हैं। इससे पहले सोमवार को छह मौत होने की खबर आई थी। जनवरी से अभी तक देश में कोरोना से 38 मौतें हो चुकी हैं। इनमें से 31 की मौत पिछले चार दिन में हुई हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 10 मौतें हुई हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक भारत में कोरोना मरीजों की संख्या 4,026 पहुंच गई है। इनमें आधे केस सिर्फ महाराष्ट्र और केरल में है। केरल में सबसे ज्यादा 1,446 एक्टिव केस हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 494, गुजरात में 397 और दिल्ली में 393 मामले हैं। देश में 22 मई से कोरोना के मामले लगभग 15 गुना बढ़े हैं। 22 मई को देश में सिर्फ 257 एक्टिव मामले थे। 31 मई तक यह आंकड़ा बढ़कर 3,395 हो गया था। उसके बाद से केस लगातार बढ़ रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


