नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ तालमेल की संभावना को खारिज किया है। उन्होंने कहा है कि विधानसभा चुनाव उनकी पार्टी अकेले ही लड़ती और जीतती रही है तो इस बार भी अकेले ही लड़ेगी। वैसे उनकी पार्टी ने पहले ही करीब आधे उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, फिर भी यह अटकल लगाई जा रही है कि कांग्रेस को 15 सीट देकर तालमेल किया जा सकता है। लेकिन बुधवार को केजरीवाल ने इस अटकल को खारिज कर दिया।
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उसके कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना नहीं है। बुधवार को यह खबर आई थी कि आप दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 15 सीट देने पर विचार कर रही है, लेकिन केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए गठबंधन की बात को खारिज कर दिया। आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भी कहा कि आने वाला दिल्ली चुनाव आम आदमी पार्टी अपने संगठन की ताकत और राजनीतिक बलबूते पर लड़ेगी। कांग्रेस और आप के बीच अलायंस की खबरें निराधार हैं। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से अब तक 31 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। 2020 के चुनाव में इनमें से 27 सीटों पर आप जबकि चार पर भाजपा के विधायक थे। आप ने इस बार 27 विधायकों में से ज्यादातर की टिकट काट दी है।
Image Source: ANI


