नई दिल्ली। अहमदाबाद विमान हादसे के बाद नागरिक विमानन महानिदेशालय यानी डीजीसीए की नींद खुली है। डीजीसीए ने टीम भेज कर देश के तमाम हवाईअड्डों पर जांच कराई है, जिसमें कई गंभीर खामियां मिली हैं। मंगलवार को जारी हुई इसकी रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली और मुंबई सहित अनेक हवाईअड्डों पर सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कई किस्म की गंभीर खामियां पाई गई हैं।
इस रिपोर्ट में बताया कि एक हवाईअड्डे पर रनवे पर लाइन मार्किंग ही धुंधली थी। यह प्लेन की लैंडिंग और टेकऑफ के लिए बनाई जाती हैं। एक हवाईअड्डे पर टेकऑफ से पहले विमान के टायर घिसे हुए मिले। कुछ जगहों पर दस्तावेज सही तरह मेंटेन नहीं किए गए, तो कहीं शिकायत बुक में खामी दिखी। यहां तक कि कई हवाईअड्डों के आसपास की ईमारतों के निर्माण का आंकड़ा पिछले तीन साल से अपडेट नहीं था।
बताया गया है कि डीजीसीए के जॉइंट डायरेक्टर जनरल की निगरानी में दो टीमों ने सात मानकों पर हवाईअड्डों पर जांच की। यह जांच 19 जून के बाद की गई थी। एक टीम सुबह के वक्त और दूसरी टीम रात के कामकाज की जांच कर रही थी। इस दौरान विमानों के परिचालन, उड़ान का समय, रैंप सेफ्टी, एयर ट्रैफिक कंट्रोल, कम्यूनिकेशन, नेविगेशन एंड सर्विलांस सिस्टम और उड़ान से पहले की जांच शामिल थी। गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में 270 लोगों की मौत हो गई थी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


