नई दिल्ली। हर चुनाव से पहले डेरा सच्चा सौदा के राम रहीम को पैरोल मिलने का सिलसिला जारी रहा। दिल्ली विधानसभा चुनावों से ठीक पहले राम रहीम को एक महीने की पैरोल मिली है। इससे पहले हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के चुनावों से पहले भी राम रहीम को पैरोल मिली थी। हत्या और बलात्कार के मामले में दोषी ठहराया गया राम रहीम पैरोल मिलने के बाद साढ़े सात साल के बाद सिरसा डेरे में पहुंचा। वहां से उसने अपने भक्तों के लिए एक वीडियो संदेश भी जारी किया।
पैरोल मिलने के बाद रोहतक की सुनारिया जेल से राम रहीम को लेने हनीप्रीत दो गाड़ियां के साथ पहुंची थी। इससे पहले हर बार उसे कानून व्यवस्था का हवाला देकर उत्तर प्रदेश के बागपत आश्रम भेजा जाता था। लेकिन इस बार उसे सिरसा डेरे पर जाने की अनुमति मिली। वह शाह सतनाम जी धाम के अंदर बने ‘तेरा वास’ में ठहरा है। सिरसा पुलिस ने डेरे के सभी गेटों पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं। डेरे के रास्ते में कई नाके लगाए गए हैं और किसी को भी वहां जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
वहां वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी बैन की गई है। डेरा प्रेमियों को भी वहां आने से रोका जा रहा है। रास्ते से ही पुलिस उन्हें वापस लौटा रही है। खुद राम रहीम ने भी सिरसा पहुंचने के बाद वीडियो जारी कर कहा था कि कोई यहां न आए। राम रहीम पैरोल पर इस बार सिरसा में रहेगा, इस बारे में उसके श्रद्धालुओं को भी जानकारी नहीं थी। बहरहाल, सिरसा पहुंचते ही राम रहीम ने वीडियो जारी कर कहा, ‘परमात्मा की कृपा से आपके दर्शनों के लिए और आपकी सेवा में आए हैं। इस बार सिरसा शाह सतनाम जी धाम में आए हैं। आपसे प्रार्थना है कि आप सिरसा में न आएं। अपनी अपनी जगह पर ही रहें। सेवादार जैसा कहेंगे, आपको अमल करना है। भगवान आप सबको बहुत खुशियां दे। बहुत बहुत आशीर्वाद’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


