नई दिल्ली। मानसून की पहली तेज बारिश ने राजधानी दिल्ली और एनसीआर में तैयारियों की पोल खोल दी। बुधवार शाम और गुरुवार की सुबह हुई बारिश से दिल्ली और एनसीआर में कई जगह जलजमाव हुआ और गाड़ियां फंसीं। कई जगह भारी ट्रैफिक जाम लगा और कई जगह तो पानी इतना जमा हो गया कि नाव चलाने की स्थिति बन गई। दिल्ली और गुरुग्राम की सड़कों पर बाढ़ जैसे हालात हो गए और गाड़ियां पानी में तैरती नजर आईं। कई इलाकों में लोगों के घरों तक में पानी में भर गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार, 11 जुलाई को भी बारिश होने का अनुमान जताया है।
बुधवार की शाम और गुरुवार की सुबह हुई तेज बारिश के बाद गुरुग्राम सेक्टर 6 में शीतला माता मंदिर के पास गाड़ियां पानी में तैरती नजर आईं। दिल्ली और गुरुग्राम एक्सप्रेसवे के नरसिंहपुर के नजदीक सर्विस लेन पर कई फुट पानी जमा हो गया। उधर उत्तराखंड में मानसून की बारिश जारी है। इससे कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। रुद्रप्रयाग में बद्रीनाथ रोड पर पहाड़ टूट कर गिर गया। इससे चार धाम की यात्रा रोक दी गई है। उत्तराखंड में मानसून सीजन में अब तकर 22 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है।
मध्य प्रदेश के मंडला, नरसिंहपुर, उमरिया, शिवपुरी, जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर में बाढ़ के हालात बन गए हैं। पिछले 24 घंटे से प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश हुई है। मौसम विभाग शुक्रवार को भी ज्यादातर जिलों के लिए बारिश का ऑरेंज या यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से गंगा, यमुना, सरयू सहित ज्यादातर नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और कई जगह पानी शहरों में घुस गया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


