नई दिल्ली। ब्रिक्स सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत से पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच दोपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेता 11 दिन के अंतराल पर दूसरी बार मिले। इससे पहले किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन यानी एससीओ के दौरान नेता मिले थे। शुक्रवार को भारत मंडपम में हुई करीब 45 मिनट की दोपक्षीय वार्ता में दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग बढ़ाने और व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत करने के बारे में बात की।
हालांकि दोनों नेताओं की वार्ता के बाद कोई साझा बयान जारी नहीं किया गया है और न रक्षा सौदों को लेकर कोई बात कही गई है। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुलाकात के बारे में जानकारी दी। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को 24वें भारत-रूस सम्मेलन के लिए रूस का दौरा करने का न्योता दिया, जिसे मोदी ने स्वीकार कर लिया।
दोनों नेताओं की बैठक में भारत व रूस के दोपक्षीय रिश्तों के साथ साथ पश्चिम एशिया के संकट और ब्लैक सी के हालात पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दिल्ली में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलकर खुशी हुई। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहयोग कार्यक्रम 2030 को लागू करने समेत भारत व रूस के बीच व्यापारिक रिश्ते और मजबूत करने पर बात हुई।
प्रधानमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति पुतिन के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, रक्षा, संस्कृति और दूसरे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान दुनिया के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा हुई। बहरहाल, राष्ट्रपति पुतिन की ओर से दिए गए न्योते पर विदेश मंत्रालय ने बताया कि 24वें शिखर सम्मेलन की तारीख दोनों देशों की आपसी सहमति से राजनयिक बातचीत के जरिए तय की जाएगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



