नई दिल्ली। कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता स्पष्ट रूप से एकतरफा है और आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता यह है कि केंद्र सरकार इसे स्थगित करने का साहस दिखाए क्योंकि यह देश भर के लाखों किसानों के लिए विनाशकारी होगा।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह काफी असाधारण है कि अमेरिका ने भारत से कुछ भारतीय सौर उत्पादों के आयात पर 125.87 प्रतिशत शुल्क लगाया है। उन्होंने सवाल किया, ‘‘यह भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के प्रति राष्ट्रपति ट्रंप की प्रतिबद्धता के बारे में क्या कहता है, जिसकी नयी दिल्ली में उनके अच्छे दोस्त ने इतनी प्रशंसा की और सराहना की कि यह अमेरिका में भारत के निर्यात के लिए दरवाजे खोल रहा है?’’ रमेश ने दावा किया, ‘‘दरअसल, यह सौदा स्पष्ट रूप से एकतरफा है। अमेरिका से भारत के आयात को मुक्त कर दिया जाएगा लेकिन अमेरिका को निर्यात अमेरिकी राष्ट्रपति की सनक और इच्छा के अधीन होगा।’’
रमेश ने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है। भारत को साहसी होना चाहिए और समझौते को रोक देना चाहिए। यह समझौता देश भर के लाखों किसानों के लिए पूरी तरह से विनाशकारी होगा।’’ इससे एक दिन पहले, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को ‘‘दबाव में’’ किया गया था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


