राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

ईरान में दमन शुरू, 217 की मौत

नई दिल्ली। ईरान में जैसे जैसे प्रदर्शन उग्र होता जा रहा है वैसे वैसे सरकारी दमन तेज होने लगा है। देश में पिछले कई दिनों से चल रहे सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान सिर्फ तेहरान में कम से कम 217 लोगों के मारे जाने की खबर आई है। एक डॉक्टर ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया है कि सिर्फ राजधानी के छह अस्पतालों में कम से कम 217 प्रदर्शनकारियों की मौत दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि इनमें ज्यादातर की मौत गोली लगने से हुई हैं। गौरतलब है कि सुरक्षा बलों ने गुरुवार रात प्रदर्शन तेज होने पर कई जगहों पर गोलीबारी की थी, इसके बाद से लगातार कार्रवाई जारी है।

प्रदर्शनकारियों पर दमनकारी कार्रवाई के बाद ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के एक अधिकारी ने आम लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि माता, पिता अपने बच्चों को प्रदर्शनों से दूर रखें, अगर उन्हें गोली लगे तो शिकायत मत करना। खबरों के मुताबिक, प्रदर्शन शुरू होने के बाद पहले कुछ दिनों तक यह साफ नहीं था कि सरकार क्या रुख अख्तियार करेगी। अधिकारी भ्रम में थे। लेकिन गुरुवार के प्रदर्शन के के खिलाफ जैसी कार्रवाई हुई उससे साफ हो गया कि पूरी ताकत से दमन किया जाएगा। प्रदर्शन समाप्त करने के लिए कुछ भी करने की तैयारी है। इससे पहले सरकार ने पूरे देश में फोन और इंटरनेट की सेवा लगभग पूरी तरह से बंद कर दी।

गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी चेतावनी दी थी कि अगर प्रदर्शनकारियों को मारा गया तो ईरानी सरकार को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। ट्रंप ने ईरान पर हमला करने की चेतावनी दी थी लेकिन ईरान ने भी दो टूक अंदाज में कहा है कि अमेरिका को ऐसा दुस्साहस नहीं करना चाहिए।

ईरान में चल रहे प्रदर्शन में लोग भी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनाई की तस्वीरों को महिलाएं सिगरेट से आग लगा रही हैं। वे अपनी आजादी का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रदर्शनकारी ईरान के पूर्व शाह के बेटे क्राउन प्रिंस रजा पहलवी के समर्थन में नारे लगा रहे हैं। कुर्द इलाकों में भी लोग सड़कों पर उतर आए हैं। उधर रजा पहलवी ने ऐलान किया है कि वे देश लौटेंगे और प्रदर्शनों में शामिल होंगे।

रजा पहलवी करीब 50 साल से अमेरिका में निर्वासन में रह रहे हैं। शनिवार सुबह उन्होंने कहा कि वह अपने देश लौटने की तैयारी कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में रजा पहलवी ने लिखा, ‘मैं भी अपने देश लौटने की तैयारी कर रहा हूं ताकि हमारी राष्ट्रीय क्रांति की जीत के समय मैं आप सबके साथ, ईरान की महान जनता के बीच खड़ा रह सकूं। मुझे पूरा भरोसा है कि वह दिन अब बहुत करीब है’।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 × 5 =