नई दिल्ली। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को बुरी तरह से फटकार लगाई है। ट्रंप ने उनको ‘पागल’ तक कह दिया। राष्ट्रपति ट्रंप ने यहां तक कहा कि अगर वे नहीं होते तो नेतन्याहू जेल चले गए होते। असल में ट्रंप ने लेबनान पर इजराइल के हमले को लेकर नाराजगी जताई। इस हमले की वजह से ईरान के साथ शांति वार्ता रूक गई है। तभी ट्रंप ने फोन पर नेतन्याहू को कड़ी फटकार लगाई।
अमेरिकी वेबसाइट ‘एक्सियोस’ की रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप ने गुस्से में नेतन्याहू को ‘पागल’ कह दिया और उन पर अहसान नहीं मानने का आरोप लगाया। वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, लेबनान पर हमले के बाद ईरान ने सोमवार को चेतावनी दी थी कि अगर इजराइली कार्रवाई जारी रही तो वह अमेरिका के साथ चल रही बातचीत छोड़ सकता है। इससे नाराज ट्रंप ने नेतन्याहू को फोन किया।
सूत्रों के हवाले से वेबसाइट ने कहा है, ‘ट्रंप ने गुस्से में कहा, तुम पागल हो गए हो क्या? आखिर तुम कर क्या रहे हो। मेरा अहसान मानो। अगर मैं नहीं होता तो तुम जेल में होते। मैं तुम्हें बचा रहा हूं। लेकिन अब हर कोई तुमसे नाराज है। हर कोई इजराइल से भी नाराज है’। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ट्रंप खास तौर पर इस बात से परेशान थे कि लेबनान में बड़ी संख्या में आम नागरिक मारे जा रहे हैं और एक हिजबुल्लाह कमांडर को निशाना बनाने के लिए पूरी इमारतें गिराई जा रही हैं।
हालांकि दूसरी ओर इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा है कि दक्षिणी लेबनान में सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि इजराइली सेना हालात के मुताबिक लेबनान में और अभियान चलाने की संभावना पर भी विचार कर रही है। काट्ज के मुताबिक, अगर सीमा पर स्थिति बदलती है तो इजराइल अपने हमलों का दायरा बढ़ा सकता है।


