नई दिल्ली। लेबनान पर इजराइल का हमला जारी है। मंगलवार, 24 सितंबर को इजराइल ने लगातार पांचवे दिन लेबनान में हवाई हमला किया। इजराइल ने राजधानी बेरूत के पास घोबेरी में हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया। इस हमले में देर शाम तक छह लोगों की मौत की खबर है और 15 लोग घायल हुए हैं। इसके साथ ही लेबनान में पिछले दो दिन में मरने वालों का आंकड़ा 564 हो गया है।
दूसरी ओर हिजबुलल्लाह ने भी सोमवार की रात को इजराइल में आठ जगहों को मिसाइल से निशाना बनाने का दावा किया। इजराइल ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि हिजबुल्लाह की तरफ से 55 रॉकेट दागे गए थे। इससे पहले इजराइली डिफेंस फोर्स, आईडीएफ ने सोमवार को हिजबुल्लाह के 16 सौ ठिकानों को निशाना बनाते हुए लेबनान में हवाई हमला किया था। इन हमलों में हिजबुल्लाह के 10 हजार रॉकेट बरबाद करने का दावा किया गया।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इजराइल के हमले में 558 लोगों की मौत हुई है। इनमें 94 महिलाएं और 50 बच्चे हैं। उसके मुताबिक 1,835 लोग घायल हुए हैं। इजराइल की ओर से हो रहे हमलों को देखते हुए लेबनान में बुधवार, 25 सितंबर तक के लिए स्कूल, कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। इजराइल ने लेबनान में चलाए जा रहे ऑपरेशन को ‘नॉर्दर्न एरोज’ नाम दिया है। आईडीएम का दावा है कि हिजबुल्लाह दक्षिणी लेबनान में घरों में मिसाइलें छुपाकर रखता है, जिन्हें लगभग एक साल से इजराइल में दागा जा रहा है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


