नई दिल्ली। कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने को लेकर चल रहे विवाद में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भरोसा दिलाया है कि यह विवाद सुलझा लिया जाएगा। इससे पहले उन्होंने कहा था कि इसका फैसला आलाकमान करेगा। इसे लेकर काफी सवाल उठे थे। बुधवार को उन्होंने कहा कि वे खुद और सोनिया व राहुल गांधी इस मामले को सुलझा लेंगे। इस बार उन्होंने कांग्रेस आलाकमान में खुद को भी शामिल किया है।
खड़गे ने बुधवार को कहा कि जरूरत पड़ने पर मध्यस्थता भी करेंगे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि कर्नाटक की जनता ही बता सकती है कि सरकार कैसा काम कर रही है। खड़गे ने कहा, ‘लेकिन मैं इतना जरूर कहूंगा कि मैं, राहुल गांधी, सोनिया गांधी एक साथ बैठकर इस पर चर्चा करेंगे’। इस बीच कर्नाटक भाजपा ने उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का एक एआई वीडियो जारी किया। इसमें वे लैपटॉप में ऑनलाइन मुख्यमंत्री कुर्सी खरीद रहे हैं, लेकिन जैसे ही वह इसे कार्ट में जोड़ते हैं, स्क्रीन पर “आउट ऑफ स्टॉक” लिखा आता है।
सीएम बदलने की अटकलों के बीच कर्नाटक के कई कांग्रेस विधायकों ने कहा है कि नेतृत्व बदलने की अटकलों से जो भ्रम पैदा हुआ है, उसे जल्दी खत्म किया जाए, नहीं तो पार्टी की छवि को बड़ा नुकसान हो सकता है। जानकार सूत्रों का कहना है कि डीके शिवकुमार और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया दोनों राहुल गांधी से मिलना चाह रहे हैं लेकिन राहुल ने उनको समय नहीं दिया है। हालांकि शिवकुमार इससे इनकार कर रहे हैं। उन्होंने बुधवार को कहा कि वे राहुल से मिलने का समय मांगेंगे। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश संगठन को लेकर चर्चा करना चाहते हैं। गौरतलब है कि वे कई सालों से प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


