अहमदाबाद। गुजरात की विसावदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में जीत हासिल करने से उत्साहित आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल गुजरात के तीन दिन के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने बुधवार को गुजरात जोड़ो अभियान शुरू किया। उन्होंने अपनी यात्रा के पहले दिन कहा कि अब भाजपा के जाने का समय आ गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा 30 साल राज करती रही क्योंकि कांग्रेस उससे मिली हुई है। केजरीवाल ने दावा किया कि कांग्रेस भाजपा के पॉकेट में है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पहले दिन बुधवार को कहा कि अब भाजपा का जाने का टाइम आ गया है। अब नई पार्टी आएगी, ईमानदार पार्टी आएगी। केजरीवाल ने कहा, ’30 साल में बीजेपी ने गुजरात का बेड़ा ग़र्क कर दिया। सूरत जैसे शहर में पानी की बाढ़ आ रही है। मेरा दिल कह रहा है, विसावदर सेमीफाइनल था, 2027 फाइनल है, जिसमें हमारी जीत होगी’। केजरीवाल ने विसावदर की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने देशभक्त पार्टी को जिताया और गोपाल इटालिया विधायक बने।
केजरीवाल ने सूरत की बाढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों ने करोड़ों के घर फ्लैट, बंगले बनवाए हैं। उनके घरों में, बेडरूम में पानी भर गया। भाजपा पर हमला करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘30 साल में तुमने यह हाल किया गुजरात का’। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 30 साल में गुजरात में ढंग की सड़क नहीं बनवा पाई। उन्होंने बताया कि वे राजकोट हवाईअड्डे पर उतरे और वहां से उनको जूनागढ़ जाने में तीन घंटे लग गए।
केजरीवाल ने गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल को श्राप भी दिया। केजरीवाल ने कहा, ‘उनसे युवा दुखी हैं, पेपर नहीं हो पाता इनसे, मनरेगा में घोटाला है। नर्क में जाएंगे। गर्म तेल की कढ़ाई में जाएंगे ये लोग’। केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा, ‘30 साल तक इनका राज इसलिए है क्योंकि कांग्रेस जेब में है’। केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस जेब है इसलिए दोनों मिल कर काम करते है, 70 फीसदी भाजपा और 30 फीसदी कांग्रेस को ठेके मिलते हैं। केजरीवाल ने कहा, ‘बीजेपी के जेब में है कांग्रेस। कांग्रेस बीजेपी की नौकरी करती है’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


