नई दिल्ली। फ्रांस के दो दिन के दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच सोमवार को दोपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें रक्षा और व्यापार को लेकर अहम समझौतों पर सहमति बनी। दोपक्षीय वार्ता के बाद भारत और स्लोवाकिया के रिश्ते व्यापक साझेदारी तक बढ़ाए गए हैं।
ब्रातिस्लावा के महल में प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से मुलाकात के बाद मोदी ने फिको को भारत आने का न्योता भी दिया। प्रधानमंत्री फिको ने मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी और इस उपलब्धि को राजनीतिक चमत्कार बताया। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरे के दूसरे चरण में रविवार रात सवा दो बजे के बाद स्लोवाकिया पहुंचे।
राजधानी ब्रातिस्लावा में विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराय ब्लानार ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। मोदी को पारंपरिक स्लोवाक रीति से ब्रेड और नमक भेंट किया गया, जिसे यहां आतिथ्य, सम्मान और सद्भावना का प्रतीक माना जाता है। मोदी ने एयरपोर्ट पर स्लोवाकिया में मौजूद भारतीयों से भी मुलाकात की। गौरतलब है कि, प्रधानमंत्री मोदी 13 जून से फ्रांस और स्लोवाकिया के छह दिन के दौरे पर हैं। वे 17 जून को फ्रांस के एवियान में होने वाले जी सात देशों के सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी उनकी मुलाकात होगी।


