राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

कीव पर रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमला: नौ मरे

यूक्रेन की राजधानी कीव पर शनिवार तड़के रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों के एक और बड़े हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और चार बच्चों सहित 28 अन्य घायल हो गए। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, पिछले 48 घंटों में कीव पर यह दूसरा बड़ा हमला है।

यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा के अनुसार, इन हमलों से शहर के कई जिलों में आवासीय इमारतों, गोदामों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर इमारतें ढहने से लोग मलबे में दब गए और कई जगह आग लग गई।

आपातकालीन सेवा के कर्मियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त इमारतों से 105 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है और बचाव अभियान अभी भी जारी है। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि घायलों में से 17 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आपातकालीन अधिकारियों ने बताया कि सबसे घातक हमला दारनित्सकी जिले में हुआ, जहां सात लोगों की मौत हो गई और दो बच्चों सहित 14 अन्य घायल हो गए।

Also Read : कर्नाटक में स्कूलों के पास जंक फूड की बिक्री पर लगी रोक

‘द कीव इंडिपेंडेंट’ की रिपोर्ट के अनुसार, निवासियों ने बताया कि बैलिस्टिक मिसाइल हमले के कारण उन्हें हवाई हमले की चेतावनी मिलने के बाद आश्रय स्थलों तक पहुंचने का बहुत कम समय मिला।

यूक्रेनी वायु सेना ने स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे राजधानी में शक्तिशाली विस्फोटों की श्रृंखला शुरू होने से ठीक पहले बैलिस्टिक मिसाइल हमले की चेतावनी दी थी। अगले दो घंटों तक शहर में अतिरिक्त विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद प्रशासन ने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने का आग्रह किया।

मेयर क्लिट्स्को ने बताया कि सोलोमियान्स्की और शेवचेनकीवस्की जिलों में आवासीय इमारतें आंशिक रूप से नष्ट हो गईं, जिससे लोग मलबे के नीचे फंस गए। होलोसीव्स्की और दारनित्सकी जिलों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं।

उल्लेखनीय है कि इस हफ्ते की शुरुआत में भी रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे, जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हुई थी और 50 से अधिक घायल हुए थे। उस हमले के दौरान एक संदिग्ध रूसी मिसाइल नाटो सदस्य देश पोलैंड के पूर्वी हिस्से में भी गिरी थी।

रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों के बढ़ते हमलों के बीच यूक्रेन अपने पश्चिमी सहयोगियों, विशेष रूप से अमेरिका से अतिरिक्त ‘पैट्रियट’ वायु रक्षा प्रणालियों की लगातार मांग कर रहा है।

हाल के महीनों में रूस ने कीव पर बैलिस्टिक मिसाइल हमलों को तेज कर दिया है, जिससे यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली पर दबाव बढ़ गया है और नागरिक बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।

Pic Credit : ANI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment