राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

खड़गे ने पार्टी नेताओं को दी नसीहत

लखनऊ। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी पार्टी के नेताओं और खास कर सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को ज्यादा नहीं बोलने की नसीहत दी। लखनऊ में संविधान बचाओ मार्च में शामिल होने पहुंचे खड़गे ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना की नजाकत को समझते हुए मसूद से कहा कि वे संयम रखें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और लोगों से संविधान बचाने की अपील की।

गौरतलब है कि सपा के साथ तालमेल की बात अटक गई है क्योंकि सपा ने कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है और पांच उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इसमें सहारनपुर की भी दो सीटें हैं। इसे लेकर इमरान मसूद भड़के हैं। खड़गे ने उन्हें गठबंधन के खिलाफ बयानबाजी से बचने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार लानी है। मोदी और योगी को हराना है। खड़गे ने कहा कि अंदरूनी झगड़ों से जीत मुश्किल होती है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने इमरान मसूद के जोश की तारीफ की, साथ ही गठबंधन धर्म निभाने की सलाह भी दी। खड़गे ने कहा, ‘हमारे इमरान मसूद हैं, रोज टीवी पर सुनता हूं, जरा जोश के साथ बात करते हैं। लेकिन हमें बातों से ज्यादा काम भी करना है। इसलिए जितना हम लोग मिलकर काम करेंगे, उतना ही आगे बढ़ेंगे’। लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए खड़गे ने कहा, ‘हमारे अजय राय ने प्रधानमंत्री से टक्कर ली। वह थोड़े से चूक गए, नहीं तो हमारे प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नहीं रहते। वह गुजरात जाकर बैठते’।

गौरतलब है कि खड़गे गुरुवार को कांग्रेस के संविधान बचाओ मार्च में शामिल होने लखनऊ पहुंचे थे। हालांकि प्रशासन ने मार्च की अनुमति नहीं दी थी। फिर भी खड़गे के जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला। पार्टी कार्यालय से करीब डेढ़ सौ मीटर आगे बढ़ने पर ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस ने पहले से ही कई लेयर की बैरिकेडिंग लगा रखी थी। कई कोशिशों के बाद भी कांग्रेस नेता आगे नहीं बढ़ सके। पुलिस ने मार्च में शामिल प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सबको इको गार्डन लेकर गई। वहां धरना देकर कांग्रेसियों ने नारेबाजी की।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment