नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र में सोमवार को राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने देश में एलपीजी सिलेंडर के संकट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले से ऐसी दिक्कत का अनुमान नहीं लगाया और कोई तैयारी नहीं की। इस बीच अच्छी खबर यह रही कि बजट सत्र के दूसरे चरण में सोमवार को पहली बार लोकसभा में प्रश्नकाल बिना किसी हंगामे के पूरा हुआ।
लोकसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कुछ विपक्षी सांसदों ने अपने मुद्दे तुरंत उठाने की मांग की। इस पर स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि उन्हें दोपहर 12 बजे प्रश्नकाल खत्म होने के बाद बोलने का मौका दिया जाएगा। इसके बाद सांसद शांत हो गए। प्रश्नकाल के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और गजेंद्र सिंह शेखावत ने सांसदों के सवालों के जवाब दिए।
उधर राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एलपीजी का मुद्दा उठाया और कहा कि पेट्रोलियम मंत्री ने लोकसभा में दावा किया कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत सरकारी दावों को गलत साबित कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार समय रहते इंतजाम कर लेती, तो हालात इतने खराब नहीं होते। तृणमूल कांग्रेस ने राज्यसभा से वॉकआउट किया। पार्टी ने चुनाव आयोग के बंगाल के अधिकारियों को हटाने के फैसले का विरोध किया। इस बीच राज्यसभा में कार्यकाल पूरा होने पर रंजन गोगोई को विदाई दी गई।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



