नई दिल्ली। सरकार भले कह रही है कि रसोई गैस की किल्लत नहीं होने दी जाएगी, लेकिन वास्तविकता इससे अलग दिख रही है। देश भर में रसोई गैस के लिए मारामारी मची है। देश के अनेक शहरों में लोगों की लंबी लंबी कतारें देखने को मिल रही है। लोग शिकायत कर रहे हैं कि कई दिन की बुकिंग के बावजूद उनको एलपीजी का सिलेंडर नहीं मिल रहा है। कई राज्यों में कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बंद हो गई है, जिससे होटल, रेस्तरां और ढाबा बंद हो रहे हैं।
राजधानी दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्यों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर रोक से होटलों और रेस्तरां में खाना नहीं बन पा रहा है। एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के चलते अयोध्या में राम रसोई को बंद कर दिया गया है। आठ साल में पहला मौका है जब राम रसोई बंद की गई है। इसके बावजूद सरकार ने देश में रसोई गैस की कमी की खबरों को फर्जी बताया है। सरकार ने लोगों से शांत रहने की अपील की है और कहा है कि एलपीजी की कमी को लेकर झूठी खबरें न फैलाएं।
ने को कहा है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में एलपीजी की डिलीवरी साइकल अभी भी ढाई दिन ही बना हुआ है। देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोग घबराकर ‘पैनिक बुकिंग’ न करें। उन्होंने उत्पादन बढ़ाए जाने की बात कही और यह भी कहा कि कुछ जगहों पर गलत जानकारी की वजह से लोग पैनिक बुकिंग और जमाखोरी कर रहे हैं।
हालांकि जमीनी स्थिति यह है कि उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में धक्का-मुक्की में एक महिला जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई। उसके सिर से खून बहने लगा। दिल्ली हाई कोर्ट की वकीलों की कैंटीन में एलपीजी सिलेंडर न होने की वजह से मेन कोर्स का खाना देना कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है। बिहार में दो दिन से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग बंद है। राजस्थान और गुजरात में 19 सौ रुपए के सिलेंडर के लिए ढाई से तीन हजार रुपए मांगे जाने की खबर आई है। बताया जा रहा है कि आईआरसीटीसी ट्रेनों में कैटरिंग की सेवा कुछ समय के लिए बंद करने पर विचार कर रहा है। एलपीजी की कमी के चलते इंडक्शन चुल्हे का इस्तेमाल करने की बात कही जा रही है।


