नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में चल रही जंग में अब भारत निशाने पर आ रहा है। भारत के बैकयार्ड में अमेरिका ने एक ईरानी जहाज को मार कर डुबो दिया और अब होरमुज की खाड़ी में भारत आ रहे एक जहाज पर हमला हुआ है। हमला किसने किया है यह पता नहीं है लेकिन जहाज थाईलैंड का है, जो भारत आ रहा था। इसके तीन सदस्य लापता हैं। इस बीच बुधवार को भारत सरकार ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी जंग में अब व्यापारिक जहाजों पर हुए हमले में भारत के दो लोग मारे गए हैं और एक व्यक्ति लापता है। यह ताजा हमले से पहले की स्थिति है।
बहरहाल, बुधवार को भारत आ रहे थाईलैंड के कार्गो जहाज पर होरमुज की खाड़ी में हमला हुआ। ओमान के पास इस जहाज को प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया। थाईलैंड के परिवहन मंत्रालय ने बताया कि जहाज पर मौजूद चालक दल के 23 सदस्यों में से 20 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। थाईलैंड के झंडे वाला यह बल्क कैरियर ‘मयूरी नारी’ संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई से रवाना हुआ था।
होरमुज की खाड़ी से गुजरते समय जहाज के पिछले हिस्से पर हमला हुआ, जिससे इंजन रूम में आग लग गई। बताया गया है कि चालक दल के तीन लापता सदस्य उस समय इंजन रूम में ड्यूटी पर थे। कैप्टन के आदेश पर बाकी सदस्यों ने जहाज छोड़ दिया और लाइफबोट में सवार हो गए। ओमान की नौसेना ने 20 सदस्यों को बचाकर खसाब शहर पहुंचाया।
थाईलैंड के अधिकारियों के मुताबिक रॉयल थाई नेवी स्थिति पर नजर रखे हुए है और बचाव अभियान के लिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है। इस बीच बुधवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच व्यापारी जहाजों पर हुए हमलों में दो भारतीयों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति लापता है। रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत सरकार खाड़ी क्षेत्र में रह रहे भारतीय नागरिकों के कल्याण और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और स्थिति पर नजर रखे हुए है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


