मुंबई/रांची। महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। बुधवार, 20 नवंबर को महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर एक चरण में और झारखंड में दूसरे चरण में बची हुई 38 सीटों पर मतदान हुआ। शाम छह बजे मतदान समाप्त होने तक चुनाव आयोग के प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र में करीब 59 फीसदी और झारखंड में 68 फीसदी मतदान हुआ। दोनों राज्यों में शहरी इलाकों में कम मतदान हुआ। लेकिन ग्रामीण इलाकों में लोगों ने जम कर वोट डाले। नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।
महाराष्ट्र में नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली में सबसे ज्यादा 69.63 फीसदी वोट पड़े। कोल्हापुर में भी 67 फीसदी से ज्यादा लोगों ने वोट डाले। परंतु महानगर मुंबई में सबसे कम 49.07 फीसदी वोट डाले गए। मतदान के दौरान कांग्रेस ने शिरडी में फर्जी मतदान का आरोप लगाया तो धुले के एक पोलिंग बूथ पर भाजपा और वंचित बहुजन अघाड़ी के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई। बुधवार को मतदान के दौरान बीड विधानसभा क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी बाला साहब शिंदे की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण में 12 जिलों की 38 सीटों पर मतदान शाम पांच बजे खत्म हुआ। शाम पांच बजे तक 67.59 फीसदी वोटिंग हुई थी। हालांकि, अंतिम आंकड़ा इससे ज्यादा हो सकता है क्योंकि अनेक मतदान केंद्रों पर बाद में कतार लगी थी। दिन में मतदान के दौरान गिरिडीह में जेएमएम के प्रत्याशी की भाजपा कार्यकर्ताओं से झड़प हुई। बताया जा रहा है कि कुछ लोग बोगस वोटिंग कर रहे थे, इसका भाजपा समर्थकों ने विरोध किया। हंगामे की सूचना पर पहुंचे जेएमएम विधायक और प्रत्याशी सुदिव्य कुमार सोनू भी पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनकी धक्का मुक्की हुई।
इससे पहले दोपहर में भाजपा ने गांडेय विधानसभा के कुंडलवादाह के दो मतदान केंद्रों पर सत्तारूढ़ जेएमएम के पक्ष में मतदान कराने का आरोप लगाया था। जानकारी मिलने के बाद जिला चुनाव अधिकारी पदाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लिया है। भाजपा ने सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया है। गांडेय सीट से सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मैदान में हैं। दूसरे चरण की 38 सीटों में एनडीए की तरफ से भाजपा 32 और आजसू छह सीटों पर चुनाव लड़ी। वहीं, ‘इंडिया’ ब्लॉक में झामुमो 20, कांग्रेस 12, राजद दो और माले चार सीटों पर लड़ा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


