कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नतीजों आने के करीब डेढ़ महीने बाद ममता बनर्जी ने अपनी सीट के चुनाव नतीजे को हाई कोर्ट में चुनौती दी है। पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने अपनी भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनाव नतीजे को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी है। मंगलवार को वह खुद याचिका दाखिल करने हाई कोर्ट पहुंचीं थीं। उन्होंने कोर्ट से चुनाव परिणाम की वैधता की जांच करने की मांग की है।
गौरतलब है कि भवानीपुर सीट पर भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,105 वोटों से हराया था। ममता इस सीट से पहले तीन बार विधायक रह चुकी हैं। उन्होंने चुनाव के बाद गड़बड़ी के आरोप लगाए थे और खुद स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंची थीं, जहां ईवीएम रखा हुआ था। उन्होंने मतगणना में गड़बड़ी और अपने साथ मारपीट के आरोप भी लगाए थे।
नतीजे से एक दिन पहले तीन मई को काउंटिंग सेंटर के बाहर हंगामा हुआ था। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि भाजपा के झंडे वाली कार को बिना जांच के भवानीपुर के स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में घुसने दिया गया। ममता बनर्जी खुद स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर करीब चार घंटे रहीं थीं। ममता ने आरोप लगाया कि राज्य की कई सीटों पर जान बूझकर मतगणना रोकी गई। भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



