कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हर साल की तरह इस साल भी 21 जुलाई को शहीद दिवस के अवसर पर रैली की। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस छोड़ने वाले नेताओं पर तीखा हमला किया और यह ऐलान भी किया वे जल्दी ही पश्चिम बंगाल के सभी जिलों का दौरा करेंगी। मंगलवार को कोलकाता में आयोजित शहीद दिवस रैली में ममता ने कहा, ‘सारे चोर मुझे छोड़ कर बीजेपी में चले गए। इन लोगों ने तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर जीत हासिल की और फिर मेरी पीठ पर खंजर घोंप दिया। मैं इन लोगों को अपनी पार्टी में कभी वापस नहीं लूंगी’।
अपने भाषण में ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर राज्य की मशीनरी का इस्तेमाल कर तृणमूल को कमजोर करने का आरोप लगाया। गौरतलब है कि शुभेंदु पहले ममता बनर्जी के साथ उन्हीं की पार्टी में थे। उनका नाम लिए बगैर ममता ने कहा, ‘अगर मैं मुंह खोलूं तो बता दूंगी कि तृणमूल में 10 साल के दौरान आपने क्या क्या किया। मैं आपका मुखौटा उतार दूंगी और 10 साल के कार्यकाल की पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी’।
ममता ने एक बार फिर से विपक्षी एकता की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा, ‘इंडिया गठबंधन के सभी दलों को आपसी मतभेद भुलाकर भाजपा का मुकाबला करना चाहिए’। ममता ने कहा, ‘मैं सभी से अपील करती हूं कि भाजपा से मुकाबले के लिए एक हो जाएं। मुझे तो कोई अहंकार नहीं है। यदि किसी को है तो उसे भी त्याग देना चाहिए और भाजपा से मुकाबले के लिए एक हो जाना चाहिए’। उन्होंने दलबदल करने वाले विधायकों से भाजपा के सहयोगी के रूप में काम करना बंद करने और इसके बजाय औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘अगर आप भाजपा का समर्थन करना चाहते हैं, तो भाजपा में जाइए। आप जितने ज्यादा लोग भाजपा छोड़ेंगे, मुझे उतनी ही खुशी होगी। मेरे छात्र और युवा कार्यकर्ता हर पद भरने के लिए मौजूद हैं। मैं गद्दारों को चुनौती देती हूं कि वे सीधे भाजपा में शामिल हों और चुनाव लड़ें’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


