राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

दो और लड़कियों से हुई थी ज्यादती!

 

इंफाल। मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाए जाने और यौन हिंसा करने का वीडियो वायरल होने के बाद अब खबर है कि उस घटना के एक दिन बाद यानी पांच मई को दो और लड़कियों के साथ गैंगरेप की घटना हुई थी और उसके बाद दोनों की हत्या कर दी गई है। इस मामले में 16 मई को मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने पांच मई की घटना के करीब दो हफ्ते बाद परिजनों को दोनों लड़कियों के शव की फोटो भेजी थी, लेकिन अभी तक परिजनों को उनकी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं मिली है।

दोनों लड़कियों के परिजनों को पता भी नहीं है कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई कर रही है। मणिपुर पुलिस ने अभी तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। बताया जा रहा है कि यह घटना कांगपोकपी जिले के कोनुंग ममांग इलाके में हुई थी, यह जगह पहली घटना की जगह से 40 किलोमीटर दूर है। पीड़िताओं के साथ काम करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि एक लड़की की उम्र 21 और दूसरी की 24 साल थी। दोनों एक ही गैराज में काम करती थीं और शहर में किराए के मकान में रहती थीं।

उस दिन उन पर हमला करने वाली भीड़ में महिलाएं भी आई थीं। उन महिलाओं ने ही भीड़ में मौजूद मर्दों से उनका रेप करने के लिए कहा था। एक चश्मदीद ने मीडिया को बताया कि लड़कियों पर बहुत जुल्म किया गया। उनके बाल भी काट दिए गए थे। दोनों लड़कियों में से एक की मां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 16 मई को उन्होंने सैकुल थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि डरे होने के कारण पहले रिपोर्ट दर्ज कराने की हिम्मत नहीं हुई थी। बाद में जब माहौल थोड़ा शांत हुआ तो रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

एफआईआर के मुताबिक, दोनों लड़कियों का रेप हुआ, उन्हें टॉर्चर किया गया और बाद में बेरहमी से हत्या कर दी गई। जीरो एफआईआर दर्ज होने के करीब एक महीने बाद 13 जून को यह मामला पोरोम्पैट पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर किया गया। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठनों ने जून में ही इस मामले की जानकारी राष्ट्रीय महिला आयोग को दी थी।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

four × four =