राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

नेपाल को भारत की भारी मदद

नई दिल्ली। भारत ने नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपए की मदद का ऐलान किया है। भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई दोपक्षीय वार्ता के बाद दोनों देशों में आठ अहम समझौता ज्ञापनों पर दस्तखत हुए। इसके साथ ही अनुदान और कर्ज के रूप में नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपए देने का फैसला भी हुआ। दोनों नेताओं ने अयोध्या से जनकपुर के बीच चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाई।

प्रधानमंत्री बालेन शाह को सोमवार की सुबह राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी दोपक्षीय वार्ता हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने बालेन शाह के भारत के पहले दोपक्षीय दौरे को दोनों देशों की गहरी दोस्ती का प्रतीक बताते हुए साझा इतिहास, संस्कृति और आस्था का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम और माता सीता भारत व नेपाल की साझा सभ्यता के प्रतीक हैं। 2018 में जनकपुर यात्रा को याद करते हुए मोदी ने कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देने की बात कही। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं। दोनों देशों के लोग एक दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। दोपक्षीय वार्ता में नेपाल व भारत के बीच काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई रूट दोनों तरफ से शुरू करने पर सहमति बनी। इससे लखनऊ से आने वाले विमान भैरहवा के रास्ते काठमांडू पहुंच सकेंगे। हालांकि, महेंद्रनगर वाले रास्ते पर अभी सहमति नहीं बनी है। दोनों देशों के अधिकारी इस पर बातचीत कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह ने दिल्ली से बटन दबाकर काली नदी पर बने छारछुम अंतरराष्ट्रीय मैत्री मोटर पुल का वर्चुअल उद्घाटन किया। यह पुल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला को नेपाल के दार्चुला से जोड़ेगा। इससे दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों के लोगों की आवाजाही आसान होगी। अब तक लोगों को एक दूसरे के यहां जाने के लिए करीब दो सौ किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ता था। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार भी बढ़ेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच देगा। इससे नेपाल का दूसरे देशों के साथ व्यापार आसान होगा। उन्होंने कहा कि भारत के साथ बेहतर व्यापार और निवेश से नेपाल की अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलेगी।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment