PM Modi kuwait highest honour: पिछले दिनों दो कैरेबियाई देशों के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब कुवैत का सर्वोच्च सम्मान मिला है।
प्रधानमंत्री मोदी के कुवैत दौरे के दूसरे दिन रविवार को सर्वोच्च सम्मान ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर से सम्मानित किया गया। उन्हें ये सम्मान कुवैत के अमीर शेख मिशअल अल अहमद अल जबर अल सबा ने दिया।
ये सम्मान पाने वाले मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। उनसे पहले अमेरिका के दो राष्ट्रपतियों और ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स को यह सम्मान मिला था।
प्रधानमंत्री मोदी को किसी देश से मिलने वाला ये 20वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर कुवैत का एक नाइटहुड ऑर्डर है।
also read: Nitish Kumar Pragati Yatra: आज से प्रगति यात्रा पर CM नीतीश कुमार, जानिए किस दिन कहां रहेंगे
यह सम्मान दोस्ती की निशानी के तौर पर राष्ट्राध्यक्षों और विदेशी शासकों और विदेशी शाही परिवारों के सदस्यों को दिया जाता है।
इससे पहले यह पुरस्कार बिल क्लिंटन, प्रिंस चार्ल्स और जॉर्ज बुश जैसे विदेशी नेताओं को दिया जा चुका है।
कुवैत के प्रधानमंत्री अमीर शेख मिशअल के साथ हुई बातचीत को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया।
उन्होंने लिखा- कुवैत के अमीर के साथ शानदार मुलाकात हुई। हमने फार्मास्यूटिकल्स, आईटी, फिनटेक, इन्फ्रास्ट्रक्चर और सिक्योरिटी जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
आने वाले समय में दोस्ती और भी मजबूत
हमने अपनी पार्टनरशिप को स्ट्रैटजिक लेवल तक बढ़ाया है और मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में हमारी दोस्ती और भी मजबूत होगी।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी का अमीर के महल बायन पैलेस में स्वागत किया गया, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। मोदी शनिवार को दो दिन के कुवैत दौरे पर पहुंचे थे।
कुवैत की मीडिया एजेंसी कुना से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा- कुवैत में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल मशीनरी और टेलीकम्युनिकेशन में मेड इन इंडिया प्रोडक्ट लोकप्रिय है।
भारत में विश्व स्तरीय सामान सस्ते दामों पर मैन्युफैक्चर हो रहा है। व्यापार और वाणिज्य भारत व कुवैत संबंधों के महत्वपूर्ण स्तंभ रहे हैं। हमारी एनर्जी पार्टनरशिप हमारे दोपक्षीय कारोबार को मजबूत बनाती है।
Image Source: ANI


