श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में सेना के एक अधिकारी की पत्नी के ऊपर चीन के लिए जासूसी करने का आरोप लगा है। चीन के लिए जासूसी के शक में जम्मू कश्मीर की पुलिस ने उस सैन्य अधिकारी की पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उसने विदेशी खुफिया एजेंटों के लिए संवेदनशील जानकारी जुटाई और उसे साझा किया। बताया जा रहा है कि महिला पर चीन से जुड़े लोगों सहित विदेशी खुफिया एजेंटों के साथ संपर्क रखने का आरोप है।
जानकार सूत्रों के मुताबिक पुलिस महिला की रिसर्च से जुड़ी गतिविधियों और विदेशी संस्थाओं के साथ उनके संभावित संपर्क की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, मामला शुक्रवार को जम्मू के गांधी नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया। इसमें ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। आरोपी महिला तेलंगाना की रहने वाली हैं और फिलहाल जम्मू में अपने पति के साथ रहती है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद डीएसपी स्तर के एक अधिकारी ने उनसे पूछताछ की है। शुरुआती जाच में संदेह जताया गया है कि खुफिया जानकारियां ऑनलाइन माध्यमों के जरिए चीन सहित अन्य विदेशी देशों से जुड़ी खुफिया एजेंसियों के लोगों तक पहुंचाई जा रही थी। हालांकि अभी यह नहीं बताया गया है कि जो जानकारी विदेशी एजेंट्स को साझा की गई है वह कितनी संवेदनशील है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



