नई दिल्ली। चीफ जस्टिस सूर्यकांत के साथ एक बार फिर अदालत में बदसलूकी हुई है। एक वकील ने सोमवार को मानहानि से जुड़े मामले में जल्दी सुनवाई को लेकर चीफ जस्टिस के साथ अपमानजनक भाषा में बात की। इससे पहले जुलाई में एक अन्य वकील ने अदालत में चीफ जस्टिस के साथ बदसलूकी की थी। हालांकि उस समय चीफ जस्टिस ने उसके खिलाफ मुकदमा चलाने से इनकार कर दिया था।
बहरहाल, सोमवार को एक वकील चीफ जस्टिस की कोर्ट में पहुंचे और अपने खिलाफ चल रहे अवमानना के मामले में जल्दी सुनवाई की मांग की। कोर्ट में जब चीफ जस्टिस ने उन्हें इंतजार करने को कहा तो वकील ने नाराजगी जताते हुए सीधे सीजेआई पर हमला किया है और कहा कि वे इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और उनमें ईमानदारी नहीं है।
यह घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे हुए, जब चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच सुनवाई कर रही थी।
बताया जा रहा है कि वकील ने तय प्रक्रिया के बिना अपना मामला रखने के लिए पहले माफी मांगी। इस पर जस्टिस वी मोहना ने कहा कि वे इस तरह मामले का जिक्र नहीं कर सकते। इसके सीजेपी सूर्यकांत ने वकील से कहा, ‘हम आपका आवेदन देखेंगे, आप थोड़ा इंतजार कीजिए’। लेकिन वकील इस बात पर भड़क गए। उन्होंने चीफ जस्टिस पर हमला किया लेकिन बेंच में मौजूद जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना के प्रति सम्मान भी जताया।
वकील की टिप्पणी के बाद कोर्ट की कार्यवाही का ऑडियो, वीडियो बंद कर दिया गया। कोर्ट में मौजूद वकीलों के मुताबिक सुरक्षाकर्मी उन्हें कोर्ट रूम से बाहर ले गए। वहां मौजूद दूसरे वकीलों ने वकील के इस व्यवहार पर सीजेआई से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। हालांकि, वकील के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इससे पहले जुलाई में एक अन्य घटना में याचिकाकर्ता प्रबल प्रताप ने सुप्रीम कोर्ट में हंगामा किया था और चीफ जस्टिस सूर्यकांत के खिलाफ अपशब्द कहे थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



