राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

मोदी ने उद्योगपतियों को आईना दिखाया

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री ने नरेंद्र मोदी ने फेडरेशन ऑफ इंडिया चैम्बर ऑफ कॉमर्स यानी फिक्की की सालाना आमसभा में देश के उद्योगपतियों और कारोबारियों को आईना दिखाया। उन्होंने टैक्स सुधारों का जिक्र किया। आयकर में 12 लाख तक की छूट का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने कॉरपोरेट टैक्स में छूट दी लेकिन क्या कारोबारियों ने नौकरियां बढ़ाईं? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या कारोबारियों ने अपने कर्मचारियों के वेतन व भत्तों में सुधार किया?

गौरतलब है कि 2014 में सरकार में आने के बाद से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार कॉरपोरेट टैक्स में छूट दे रही है। लेकिन उस अनुपात में भारत में कॉरपोरेट सेक्टर नौकरियों के अवसर नहीं बढ़ा रहा है। बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में राहुल गांधी की अमेरिका में कही गई बातों का भी जवाब दिया। उन्होंने गुरुवार को कहा कि किसानों और कारोबारियों को गाली देने से देश आगे नहीं बढ़ता। मोदी ने कहा कि पिछले 12 साल में भारत की इकोनॉमी बदली है और 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने बुधवार को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में कहा था कि भारत आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। उन्होंने कहा था कि इसके पीछे बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी खामियां हैं। बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योगपतियों को नसीहत देते हुए कहा कि कुछ कंपनियां विदेशों के लिए बेहतर और भारत के लिए कम गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाती हैं। इस सोच को बदलना होगा। भारतीय ग्राहक भी अच्छी गुणवत्ता वाले सामान के हकदार हैं।

प्रधानमंत्री ने कारोबारियों से घरेलू बाजार तक सीमित न रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कंपनियों को दूसरे देशों की जरूरतों और ग्राहकों की पसंद समझकर उत्पाद तैयार करने चाहिए। मोदी ने कहा कि सरकार रिफॉर्म एक्सप्रेस के जरिए लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने कारोबारियों से बिना झिझक अपनी समस्याएं और सुधारों से जुड़े सुझाव देने को कहा। सरकार उनके साथ खड़ी है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment